Uttarakhand HC Chief Justice MK Gupta: न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। जानिए उनके बारे में।
Uttarakhand HC Chief Justice MK Gupta: केंद्र सरकार ने गुरुवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय (Allahabad High Court) के न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय (Uttarakhand High Court) का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की मंजूरी दे दी।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, राष्ट्रपति ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 217(1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
वर्तमान मुख्य न्यायाधीश गुहानाथन नरेंद्र (Guhanathan Narendar) की 9 जनवरी को सेवानिवृत्ति के बाद यह नियुक्ति प्रभावी होगी। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने 18 दिसंबर, 2025 को आयोजित अपनी बैठक में न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र की 9 जनवरी को सेवानिवृत्ति के बाद न्यायमूर्ति गुप्ता को उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की थी।
9 अक्टूबर, 1964 को न्यायमूर्ति गुप्ता का जन्म हुआ था। 1987 में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की उपाधि उन्होंने प्राप्त की। उसी साल 6 दिसंबर को अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उन्होंने मुख्य रूप से दीवानी, किराया नियंत्रण और संवैधानिक मामलों में न्यायाधीश बनने से पहले वकालत की।
12 अप्रैल 2013 को न्यायमूर्ति गुप्ता को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। उन्होंने 10 अप्रैल, 2015 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। वे उत्तर प्रदेश राज्य विधि सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। 8 अक्टूबर, 2026 को वह सेवानिवृत्त होंगे।
मुख्य न्यायाधीश प्रितिंकर दिवाकर (Justice Pritinker Diwaker) की सेवानिवृत्ति के बाद, उन्हें 2023 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली (Justice Arun Bhansali) की नियुक्ति तक इस पद पर कार्य किया।