देहरादून

‘VIP को हर कीमत पर बचाया गया’, अंकिता भंडारी के पिता चंद्रशेखर का बड़ा आरोप- उसी VIP को बनाया सिक्किम का राज्यपाल

Vinod Arya Arrest Demand: अंकिता भंडारी के पिता चंद्रशेखर सिंह भंडारी ने VIP को बचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उसी VIP को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। साथ ही विनोद आर्य के नार्को टेस्ट और कॉल रिकॉर्ड की जांच की मांग की है।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 9:16 AM IST
Ankita
अंकिता भंडारी के पिता चंद्रशेखर सिंह (ANI Photo)

Ankita Bhandari Case: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उनके पिता चंद्रशेखर सिंह भंडारी ने एक बार फिर VIP को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की हत्या के बाद उन्होंने सरकार और पुलिस से विनोद आर्य को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की थी। उनका आरोप है कि विनोद आर्य दिल्ली और उत्तराखंड के बीच आते-जाते थे और दिल्ली में अमित शाह और नरेंद्र मोदी से उनकी बातचीत चल रही थी। चंद्रशेखर ने दावा किया कि एक खास VIP को हर कीमत पर बचाने की कोशिश की गई और अब उसी VIP को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है।

उन्होंने CBI जांच के तहत विनोद आर्य का नार्को-एना एनालिटिक्स टेस्ट कराने और उनके कॉल रिकॉर्ड की जांच करने की मांग की है। साथ ही कहा कि जब तक CBI जांच, नार्को-एना एनालिटिक्स टेस्ट और कॉल रिकॉर्ड की जांच पूरी नहीं होती, तब तक पूरे उत्तराखंड में उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

विनोद आर्य के घर का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता

वहीं, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता विनोद आर्य के आवास की ओर पहुंचे। रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक के बाद महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं।

प्रदर्शनकारियों ने विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। उनका कहना था कि अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक करने के मामले में उनके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए और उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

ज्योति रौतेला ने उठाए निजी चैट सार्वजनिक करने पर सवाल

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक करके उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है। उन्होंने इसे मामले की जांच को प्रभावित करने की कोशिश भी बताया।

ज्योति रौतेला ने सवाल उठाया कि आखिर अंकिता की निजी बातचीत का रिकॉर्ड विनोद आर्य के पास कैसे पहुंचा? उन्होंने यह भी पूछा कि संवाददाता सम्मेलन करके इन बातचीत के विवरण को सार्वजनिक करने के पीछे उनकी मंशा क्या थी। रौतेला ने मांग की कि विनोद आर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। हालांकि, प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सड़क पर धरना दे रहे कार्यकर्ताओं को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

15 नवंबर को विनोद आर्य ने सार्वजनिक की थी कथित चैट

दरअसल, विनोद आर्य ने 15 नवंबर को हरिद्वार में अंकिता और उसके पुरुषमित्र के बीच हुई कथित व्हाट्सऐप बातचीत का विवरण सार्वजनिक किया था। उन्होंने बताया था कि यह बातचीत चार हजार पन्नों से अधिक की है। इसी बातचीत के आधार पर उन्होंने अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताया था।

विनोद आर्य ने मांग की थी कि व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत के विवरण को जांच में शामिल किया जाए। उन्होंने दावा किया था कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने अपने माता-पिता और पुरुषमित्र के उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या की थी। उनके इस बयान के बाद मामले को लेकर विरोध शुरू हो गया। इससे पहले पहाड़ी महासभा भी नगर कोतवाली में प्रदर्शन कर विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दे चुकी है।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड

ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। पुलकित आर्य इस समय उम्रकैद की सजा काट रहा है। अब उसके पिता विनोद आर्य की ओर से अंकिता की कथित निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Updated on:
18 Nov 2026, 9:16 AM IST
Published on: