देहरादून

विनय त्यागी हत्याकांड : 780 करोड़ की संपत्ति, कस्टडी में हमला, डॉक्टर से जुड़े दावे, वारदात का यूपी कनेक्शन!

Vinay Tyagi Murder Case: पश्चिमी यूपी के कुख्यात बदमाश विनय त्यागी के खौफनाक अंत के साथ ही उसकी करीब 780 करोड़ की बेनामी संपत्ति सहित तमाम राज दफन हो गए हैं। 780 करोड़ की बेनामी संपत्ति, जेल अभिरक्षा में हमला और साथ ही एक डॉक्टर से जुड़े दावों से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों के आरोप गंभीर हैं। इस मर्डर केस का यूपी कनेक्शन भी सामने आ रहा है। आईजी ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
2 min read
Dec 28, 2025
In the murder case of notorious gangster Vinay Tyagi, his benami (undisclosed) assets worth 780 crore rupees and a doctor's connection are coming to light
कुख्यात विनय त्यागी। फोटो सोर्स एआई

Vinay Tyagi Murder Case: यूपी के मेरठ निवासी कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत के साथ ही तमाम राज हमेशा के लिए दफन हो गए हैं। पश्चिमी यूपी में भय और आतंक का पर्याय बन चुके विनय त्यागी की उत्तराखंड में हत्या हुई। बीते बुधवार दोपहर पुलिस विनय त्यागी को रुड़की जेल से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए अभिरक्षा में ला रही थी। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर ओवर ब्रिज के पास बाइक सवार दो शूटरों ने पुलिस वाहन में अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। तीन गोलियों ने विनय त्यागी का सीना छलनी कर दिया था। इससे मौके पर हड़कंप मच गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने आनन-फानन में घायल विनय त्यागी को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया था, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। उसकी मौत के साथ ही उससे जुड़े तमाम राज भी हमेशा के लिए दफन हो गए हैं। गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत के बाद 780 करोड़ रुपये और अभिरक्षा में हुए हमले समेत कई राज दफन हो गए।

डॉक्टर के पास रखी अरबों की रकम!

कुख्यातविनय त्यागी के परिजनों ने भी 700 करोड़ रुपये से अधिक राशि का जिक्र कर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि देहरादून के डॉक्टर के यहां रकम रखी गई थी। विनय त्यागी और डॉक्टर एक दूसरे को जानते थे, ऐसे में डॉक्टर की शिकायत के बाद विनय पर कार्रवाई हुई। हालांकि रकम को लेकर खुलासा नहीं हो सका है कि वहां इतनी बड़ी राशि थी या नहीं। इन सवालों के जवाब भी पुलिस को खोजने होंगे। सोशल मीडिया पर भी दावा किया जा रहा है कि यदि मामले की जांच गंभीरता से हुई तो कई सफेदपोशों के चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

डॉक्टर से दोस्ती फिर मुकदमा

कुख्यात विनय त्यागी की मौत के बाद उसका दोस्त डॉक्टर भी चर्चाओं में है। उसकी मौत का कनेक्शन करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति से जुड़े होने के दावे भी सोशल मीडिया में किए जा रहे हैं। देहरादून में विनय की डॉक्टर से पहले दोस्ती और बाद में मुकदमे की कहानी भी गले नहीं उतर रही है। परिजनों के आरोपों के बाद आईजी गढ़वाल ने भी जांच के आदेश दिए हैं।

जैसा दिख रहा वैसा नहीं है मामला!

गैंगस्टर विनय त्यागी पश्चिमी यूपी में अपराध जगत का बड़ा नाम था। हत्या, लूट और रंगदारी समेत तमाम अपराध विनय त्यागी के नाम पर दर्ज हैं। इससे साफ जाहिर है कि उसकी दुश्मनी भी काफी रही होगी, लेकिन कुख्यात विनय त्यागी पर जेल से पेशी पर ले जाते समय हुए हमले और उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस एक तरह से पूरा खुलासा कर चुकी है। शूटर भी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं, लेकिन जानकारों की माने तो कुख्यात विनय त्यागी की हत्या का मामला जैसे दिख रहा है, वैसा है नहीं। करोड़ों रुपये की एक बेनामी संपत्ति के दस्तावेजों से जोड़कर इस मामले को देखा जा रहा है। पूरा मामला पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़ा बताया जा रहा है।

Updated on:
28 Dec 2025 11:10 am
Published on:
28 Dec 2025 11:10 am