Alankar Agnihotri contest elections from Kashi : पूर्व PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने सनातन संस्कृति पार्टी के गठन का ऐलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की, वह काशी से चुनाव लड़ेंगे।
देवरिया : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में इस्तीफा देने वाले PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने 13 फरवरी को सनातनी संस्कृति पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया था। अब उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि वह कहां से चुनाव लडेंगे। यह ऐलान उन्होंने सोमवार को हुई महापंचायत के दौरान किया।
महापंचायत के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सत्ता में बने रहने के लिए भय का माहौल बना रही है। UGC के नियमों का लाना सरकार की इन्हीं मंशाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि देश में जनतंत्र नहीं है, एससी-एसटी एक्ट मूल अधिकारों का उल्लंघन है। शहर के महारानी चंडिका छात्रावास में समान न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले यूजीसी रेगुलेशन 2026 एवं अन्य अन्यायपूर्ण कानून को समाप्त करने हेतु महापंचायत का आयोजन हुआ। महापंचायत के दौरान UGC के नियमों को काला कानून करार देते हुए उन्हें समाप्त करने की मांग की गई।
पूर्व PCS अफसर अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सवर्ण समाज के नाम पर रोना रोने वाले सांसद-विधायक अब कहां हैं। प्रयागराज में बटुकों की चोटियां पकड़कर खींची गई, तब यह लोग कहां थे। किसी ने एक शब्द तक नहीं बोला। सवर्ण समाज का हित तभी संभव है, जब समाज की चिंता करने वाले लोग आगे आएंगे। इस दौरान उन्होंने नई पार्टी बनाने की बात भी दोहराई और कहा कि काशी से चुनाव लडेंगे।
सरकार ने अलंकार अग्निहोत्री का इस्तीफा मंजूर नहीं किया था। सरकार ने उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया था। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि वह इस्तीफा दे चुके हैं…अब सरकार को जो करना है करे। वह अब इस्तीफा वापस नहीं लेंगे। उत्तर-प्रदेश शासन नियुक्ति अनुभाग 7 से जारी आदेश में कहा गया है कि अलंकार अग्निहोत्री ने प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता की है, जिसके चलते तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित किया गया है। अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को इस्तीफा दिया था।