देवरिया

सोशल मीडिया पर जब हुई किरकिरी…विधायक ने खुद कटवाया चालान, क्यों निशाने पर आए BJP विधायक शलभ मणि त्रिपाठी

BJP shalabh mani tripathi: देवरिया सदर विधायक का बिना हेलमेट बुलेट वाहन चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि जब जनप्रतिनिधि ही यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम जनता को नियमों के प्रति कैसे जागरूक किया जाएगा।
2 min read
May 18, 2026
Up news, bjp
बिना हेलमेट बीजेपी विधायक(सोर्स: पत्रिका)

रविवार को सोशल मीडिया पर अचानक एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, इसमें देवरिया के सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी बिना हेलमेट चलाते बुलेट की सवारी कर रहे हैं। इस दौरान इनके पीछे भी एक व्यक्ति बैठा था वहीं साथ में भी एक बुलेट चल रही थी जिस पर दो लोग सवार थे, ये सभी बिना हेलमेट के सवारी कर रहे थे।

बिना हेलमेट बुलेट चलाते बीजेपी विधायक का वीडियो हुआ वायरल

जैसे ही वीडियो वायरल हुआ सड़क सुरक्षा के नियमों पर लोगों के कमेंट भी आने शुरू हो गए और जिले में चर्चाओं का बाजार भी गर्म होने लगा। वीडियो में बिना हेलमेट बुलेट की सवारी करते देख पुलिस भी एक्टिव हो गई। जब यह मामला काफी चर्चा में आया तो सदर विधायक ने खुद ही पुलिस से इस गलती के लिए कार्रवाई करने के लिए सोशल मीडिया पर जानकारी दी। देर शाम यातायात पुलिस ने एक हजार रुपये का चालान कर दिया। TSI गुलाब सिंह ने बताया कि विधायक पर एक हजार रुपये का चालान किया गया है।

चालान कटवाने के बाद बोले विधायक…सड़क सुरक्षा के नियमों का अवश्य पालन करें

BJP विधायक डॉ. शलभ मणि ने मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मेहड़ा पुरवां में उनके आवास के करीब प्रकाश यादव की चाय की दुकान पर कार्यकर्ता और आम जनता के साथ सुबह की चाय पर बैठकी हुई। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता अनुज प्रमोद मणि ने नई बुलेट ख़रीदने की जानकारी देते हुए चलाकर शुभारंभ करने का आग्रह किया। हेलमेट न होने के बावजूद वह उनका आग्रह टाल न सके।

दोनों ने आवास तक बुलेट चलाई, जो यातायात नियमों व सुरक्षा की दृष्टि से गलत है। उन्होंने देवरिया पुलिस से कहा है कि इस त्रुटि के लिए तत्काल चालान काट कर उन्हें अवगत करा दें। हेलमेट यातायात नियमों के पालन के साथ ही अपनी हिफ़ाज़त के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

जो गलती उनसे हुई, वह कोई और कतई न करे। वाहन पर हमेशा हेलमेट का इस्तेमाल जरूर करें, लापरवाही न करें। हेलमेट से आपकी ही सुरक्षा है, विपरीत परिस्थित में यह हेलमेट ही जान बचाता है। अतः सभी लोग सड़क सुरक्षा के मानकों का अवश्य पालन करें।

Updated on:
18 May 2026 04:24 pm
Published on:
18 May 2026 04:24 pm