देवरिया

देवरिया में एनकाउंटर, रेसर बाइक सवारों ने बैरियर तोड़ा, जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को लगी गोली

Police Encounter: देवरिया में शनिवार की देर रात पुलिस रामपुर चौराहे पर वाहन चेकिग कर रही थी। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर क्षेत्र के गुरुचघाट की तरफ भागे। पुलिस ने उन्हें घेरने का प्रयास किया। इसी बीच बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
2 min read
May 10, 2026
Up news, Deoria news
फ़ोटो सोर्स: पत्रिका

देवरिया में बीते कई दिनों से स्पोर्ट्स बाइक सवार आतंक मचा रखे थे, मौका मिलते ही वे महिलाओं के गले की चेन उड़ाकर चलते बनते थे। शनिवार देर रात छिनैती और लूट की वारदात करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कारवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा नाबालिग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

बैरियर तोड़ भागे रेसर बाइक सवार, पुलिस ने भी पीछा शुरू किया

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिले के तीन थानों की पुलिस टीम जिनमें रुद्रपुर, गौरीबाजार और कोतवाली थाना सम्मिलित था शनिवार रात करीब 11:30 बजे रामपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग चल रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर केटीएम रेसर बाइक से दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों बैरियर तोड़कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। पुलिस के अनुसार गुरुजघाट पुलिया के पास मोड़ पर बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई।

पुलिस के घेरेबंदी देख बदमाशों ने किया फायर, जवाबी फायरिंग में बदमाश को लगी गोली

पुलिस से घिरता देख दोनों बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। दूसरे आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपी की पहचान फाजिलनगर थाना पटहेरवा निवासी जैनुद्दीन उर्फ गोगा पुत्र सलाउद्दीन के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। दूसरा आरोपी बाल अपचारी बताया गया है।

बरामद हुए सामान , दो थानों में दर्ज है मुकदमे

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (315 बोर), छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी से संबंधित एक सोने की अंगूठी, चांदी की हाथ पलानी, छह हजार रुपये नकद और केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद नकदी झपटमारी में छीने गए गहनों की बिक्री से प्राप्त हुई थी। पुलिस की पूछताछ में बदमाशों ने कबूला कि वे बाइक से महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स और बैग छीनने की वारदात करते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ थाना गौरीबाजार और कोतवाली में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। ASP आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में बढ़ रही छिनैती की घटनाओं को देखते हुए प्रमुख चौराहों और हाईवे पर चेकिंग अभियान तेज किया गया है। देर रात गश्त और संदिग्ध वाहनों की निगरानी बढ़ाई गई है।

Updated on:
10 May 2026 11:09 am
Published on:
10 May 2026 11:09 am