देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की निर्मम हत्या के बाद हड़कंप मच गया है। वारदात के समय वह बहन और भाई के साथ मोबाइल ठीक कराने जा रही थी , तभी बाइक सवार युवकों ने रोका, पिटाई के बाद गेहूं के खेत में दौड़ाकर गला रेत दिया।
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई है और दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। मृतका की पहचान नौतन हथियागढ़ गांव निवासी अंजली के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की है। अंजली अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ सहोदर पट्टी चौराहे पर मोबाइल ठीक कराने जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने चाकू निकाल लिया, जिसके बाद तीनों भाई-बहन जान बचाकर भागने लगे।
आरोपी युवकों ने अंजली का पीछा कर उसे पास के गेहूं के खेत में पकड़ लिया और उस पर हमला कर दिया। अंजली गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़ी। उसकी बहन और भाई घरवालों को सूचना देने के लिए भागे। इसी दौरान, आरोपी दोबारा मौके पर लौटे और अंजली की हत्या कर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का मुख्य आरोपी आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह के साथ पिछले कुछ वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर, पुलिस ने शिवम सिंह और उसके साथी राकेश कुमार गोड़ के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच में अश्वनी प्रधान और संजय कुमार रेड्डी सहित एक पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।