विवाहित बेटियों को सरकार ने बड़ी राहत दी है, अब उन्हें ससुराल के राशन कार्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। शासन की इस पहल से आम जनता को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
विवाहित बेटियों के लिए खुशखबरी, अब उन्हें अपना नाम मायके के राशनकार्ड से हटाकर ससुराल के राशन कार्ड में जुड़वाना आसान हो गया है। इसके लिए अब ससुराल पक्ष के लोगों को ऑफिसों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन ने इस प्रक्रिया को सरल बनाते हुए केवल आवेदन के आधार पर नाम स्थानांतरण की व्यवस्था लागू कर दी है।
जैसा कि मालूम हो कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पहले शादी के बाद बेटियों का नाम पिता के राशनकार्ड से कटवाकर ससुराल के राशनकार्ड में जुड़वाने की प्रक्रिया काफी जटिल थी। कार्डधारकों को राशनकार्ड आनलाइन कराने के बाद आपूर्ति कार्यालय, ब्लाक कार्यालय और बहू के मायके तक दौड़ लगानी पड़ती थी। इन पेचीदगियों को देखते हुए शासन ने प्रक्रिया को सरल कर दिया है।
अब बेटियों की शादी हो जाने के बाद आपूर्ति विभाग मायके के राशनकार्ड से नाम हटाकर ससुराल के राशनकार्ड में स्थानांतरित कर रहा है। इसके लिए उपभोक्ता नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं राशन कार्ड की फोटो कॉपी के साथ पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में आफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।DSO संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आवेदक आनलाइन अथवा ऑफलाइन किसी भी माध्यम से आवेदन कर सकता है। शासन के इस सुविधा से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।