इलाहाबाद हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति राजीव कुमार सिंह की कार शनिवार को सिविल लाइंस रोड पर पुलिस स्कॉट वाहन से अचानक पीछे से टकरा गई। राहत भरी खबर रही कि किसी को चोट नहीं आई है।
शनिवार को देवरिया में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राजीव कुमार सिंह की कार सिविल लाइंस रोड स्थित सुभाष चौक पर पुलिस स्कॉर्ट वाहन से टकरा गई। जानकारी के मुताबिक न्यायमूर्ति दीवानी न्यायालय, देवरिया में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार्यक्रम का विषय 'न्याय में फॉरेंसिक साइंस का योगदान' था।
सुभाष चौक के पास स्कॉर्ट वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे न्यायमूर्ति की कार पीछे से टकरा गई। टक्कर में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। काफिले में अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जीके गोस्वामी भी मौजूद थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए काफिला रुका। न्यायमूर्ति और उनके स्टाफ को कोई चोट नहीं आई। इसके बाद काफिला दीवानी न्यायालय के लिए रवाना हो गया। सीओ सदर संजय रेड्डी ने बताया स्कॉर्ट की गाड़ी के ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हो गया था। किसी को चोट नहीं आई है।