मधुसूदन हुल्गी को जनपद देवरिया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। इससे पहले वह विशेष सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं अपर आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के पद पर कार्यरत थे।
उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए जनपद देवरिया को नया DM दिया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2015 बैच के IAS अधिकारी मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का नया DM नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान DM दिव्या मित्तल का स्थानांतरण कर उन्हें विशेष सचिव, राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि मधुसूदन हुल्गी इससे पहले CM कार्यालय में विशेष सचिव एवं उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, शासन ने उन्हें अब देवरिया जैसे महत्वपूर्ण जनपद की कमान सौंपी है। मूलतः कर्नाटक के बेलगावी (बेलगाम) निवासी मधुसूदन हुल्गी वर्ष 2015 बैच के IAS हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा पास की। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बेंगलुरु में ट्रेनिंग प्राप्त की।
मधुसूदन हुल्गी कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। महोबा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट, अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, सुल्तानपुर और वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में उन्होंने विकास कार्यों को गति दी। इसके अलावा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। दिसंबर 2022 में उन्हें लखनऊ में सर्व शिक्षा अभियान के एडिशनल स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में तैनाती मिली। इसके बाद जून 2024 में उन्होंने कौशांबी के DM के रूप में कार्यभार संभाला।
अक्टूबर 2025 में उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव तथा आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त बनाया गया था।अब मई 2026 में उन्हें देवरिया का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। DM दिव्या मित्तल को राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाए जाने को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उनके कार्यकाल में देवरिया में कई प्रशासनिक और विकासात्मक पहलें की गई थीं।
रविवार की देर रात शासन ने 38 IAS अफसरों के तबादले कर दिए। आठ जिलों डीएम बदले गए हैं। खास बात यह है कि इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह राही को भी इस्तीफा वापस लिए जाने के बाद नई तैनाती मिली है। उन्हें संयुक्त मजिस्ट्रेट जालौन बनाया गया है। देवरिया, जौनपुर, मऊ, महाराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ में नए जिलाधिकारी बनाए गए हैं।