
फ़ोटो सोर्स :पत्रिका, महिला आरक्षियों का पास ऑफ
देवरिया की रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में रविवार को 485 रिक्रूट महिला कांस्टेबलों की पासिंग आउट परेड भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रहीं, जबकि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने उनका स्वागत कर परेड का निरीक्षण कराया।
मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को सम्मानित किया। इस पासिंग आउट परेड में कुल 485 महिला रिक्रूट कांस्टेबल शामिल हुईं, जिनमें 185 जनपद बहराइच, 123 जनपद महाराजगंज और 177 जनपद देवरिया की रिक्रूट्स रहीं। परेड का नेतृत्व फर्स्ट-इन-कमांड विभा तिवारी ने किया, जबकि सेकंड-इन-कमांड शन्नो और थर्ड-इन-कमांड किरन यादव रहीं।
कार्यक्रम में कुल 17 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया और सभी ने सुसंगठित व आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन, समर्पण और उच्च प्रशिक्षण स्तर का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्लाटून कमांडरों के नेतृत्व में रिक्रूट्स ने बेहतरीन तालमेल और दक्षता का परिचय देते हुए उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने रिक्रूट्स को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और सहायता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को पुरस्कृत किया गया। शारीरिक प्रशिक्षण में प्रथम स्थान पाने वाली सविता यादव, शस्त्र प्रशिक्षण में स्वाति सिंह, भीड़ नियंत्रण में अंकिता तिवारी तथा बाह्य कक्ष परीक्षा में सर्वांग सर्वोत्तम स्थान प्राप्त करने वाली रश्मि सिंह को सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त रूप से भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली ललिता पाल, संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता एवं पुलिस व्यवहार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली राधा सरोज, कंप्यूटर, सीसीटीएनएस एवं साइबर क्राइम में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाली अस्मिता पाण्डेय तथा कुल योग में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाली काजल वर्मा को भी पुरस्कृत किया गया। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आईटीआई शशिकिरण कुशवाहा एवं पीटीआई मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ बाह्य प्रशिक्षक तथा प्रशिक्षक निरीक्षक अरविन्द यादव को सर्वश्रेष्ठ अंतःविषय प्रशिक्षक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोग मौजूद रहे।
Updated on:
26 Apr 2026 08:38 pm
Published on:
26 Apr 2026 08:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
