शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सीएचसी सलेमपुर ले जाया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को स्वजन महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई
देवरिया के सलेमपुर थानाक्षेत्र में हुए भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है, मृतकों में एक युवक की शादी 15 दिनों बाद होनी थी इस लिए दोस्त के साथ कार्ड बांटकर वापस घर लौट रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे है, मौके पर ही दूल्हे की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उधर, बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो ने एक ऑटो रिक्शा को भी टक्कर मार दी।
ऑटो उछलकर कुछ दूरी पर पलट गया, दोनों युवक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक लार थाना क्षेत्र के सकरापार गांव राहुल कुमार यादव की 20 अप्रैल को शादी तय थी। पिता श्रीराम यादव ने बताया राहुल अपने दोस्त सचिन कुमार यादव पुत्र चंद्रमा यादव के साथ शनिवार शाम करीब 5 बजे शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक लेकर घर से निकला था।
दोनों खामपार गांव में कार्ड बांटकर सलेमपुर में अन्य रिश्तेदारों को कार्ड बांटने जा रहे थे। तभी रात करीब 8:15 बजे सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के मझौलीराज स्थित जिरासो बंधा के पास भाटपार रानी–सलेमपुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल और उसका दोस्त सचिन हवा में उछल गए और बाइक समेत काफी दूर जा गिरे। इसके बाद बेकाबू स्कॉर्पियो रोड के किनारे खड़े एक ऑटो रिक्शा से जा टकराई। ऑटो रिक्शा पलट गया। बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो और ऑटो रिक्शा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना पर सलेमपुर थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सचिन कुमार यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार यादव को प्राथमिक उपचार के बाद महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया, जहां रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
दोनों युवक माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी दिनेश मिश्रा ने बताया- पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया है। स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है, ड्राइवर की तलाश की जा रही है जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।