देवरिया में उस समय हड़कंप मच गया जब सदर BJP विधायक डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी की हत्या की धमकी भरा ईमेल आया। पुलिस को सूचना मिलते ही विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
देवरिया के BJP से सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को धमकी भरा ईमेल मिला है।Mdseraj813@gmail.com से भेजे गए ईमेल में विधायक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी दी गई है। इसमें लिखा गया है—“इतनी गोलियां मारेंगे कि लाश के चिथड़े उड़ जाएंगे। योगी आदित्यनाथ का भी जो हाल होगा, पूरा इंडिया देखेगा। ओपन चैलेंज है, मजार को छूकर दिखा लो।” इस धमकी के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। बता दें कि शलभ मणि ने गोरखपुर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बनी मजार पर अवैध कब्जे का मामला उठाया था।
विधायक ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री को एक पत्र सौंपा था। इसमें उन्होंने बताया कि मजार का क्षेत्रफल लगातार बढ़ रहा है। यह जमीन बंजर भूमि, कुर्ना नाला और नेशनल हाइवे की है। मुख्यमंत्री ने कारवाई के लिए डीएम और एसपी को जांच के निर्देश दिए हैं।
विधायक शलभ मणि ने बताया कि लगभग ढाई दशक पहले RSS के वरिष्ठ प्रचारक रामनगीना यादव ने भी मजार की वैधता पर सवाल उठाया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद किसी ने भी भय के कारण इस मुद्दे पर मुंह नहीं खोला। 2017 में भी इस जमीन पर अवैध कब्जे का मामला दर्ज हुआ था। एक लेखपाल समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन बाद में मामला दबा दिया गया। अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से यह मामला फिर चर्चा में है।
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मांग की है कि सरकार विशेष टीम बनाकर जल्द जांच करवाए। अवैध कब्जा मिलने पर भूमि को खाली करवाया जाए। इधर अचानक इस धमकी भरे मेल की जानकारी पर पुलिस और इंटेलिजेंस सतर्क हो गए हैं। विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि लोग उन्हें व्हाट्सऐप पर भी धमकी संदेश भेज रहे हैं, जिनकी जानकारी प्रशासन को दी जा रही है। किसी भी कीमत पर अवैध कब्जे को हटाया जायेगा।