देवरिया

कौन थे पूर्व सांसद और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी, जून में CM योगी ने की थी मुलाकात

Sri Prakash Mani Tripathi: जानिए कौन हैं देवरिया के पूर्व सांसद और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी? रविवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में हुआ निधन, जून में CM योगी ने अचानक उनके आवास पर पंहुचकर की थी मुलाकात।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 6:47 PM IST
Sriprakash Mani Tripathi, Former Deoria MP, Retired Lt Gen Sriprakash Mani Passes Away
कौन हैं पूर्व सांसद और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी

Sri Prakash Mani Tripathi: भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल और देवरिया के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देवरिया समेत पूरे पूर्वांचल के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सेना में रहते हुए देश की सेवा करने के बाद उन्होंने राजनीति में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। वह देवरिया सदर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के पहले सांसद बने थे।

1955 में सेना में हुए थे शामिल

श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जन्म देवरिया जिले के बरपार गांव में हुआ था। उनके पिता पंडित सूरति नारायण मणि त्रिपाठी यूपी कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी थे। बचपन से ही देश की सेवा करने का सपना देखने वाले श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी जून 1955 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे। उन्होंने 1962 के भारत चीन युद्ध और 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 1971 में उनके नेतृत्व में ही सेना की एक टुकड़ी ढाका के नजदीक तक पहुंची थी। अपने सैन्य करियर में वह उप-थल सेना प्रमुख के पद तक पहुंचे और उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक व परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

रिटायरमेंट के बाद बने देवरिया के पहले भाजपा सांसद

करीब चार दशक तक सेना में अपनी सेवाएं देने के बाद वह 1996 में रिटायर हो गए और राजनीति में कदम रखा। भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर वह देवरिया से पार्टी के पहले सांसद बने। हालांकि 1998 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन 1999 में उन्होंने सपा उम्मीदवार मोहन सिंह को हराकर फिर से जीत दर्ज की। 2004 और 2009 के चुनाव में हार मिलने के बाद उन्होंने फिर कोई लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा।

संसद हमले में बाल बाल बचे थे

13 दिसंबर, 2001 को जब संसद भवन पर आतंकी हमला हुआ था उस समय श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी भी वहीं मौजूद थे। वह संसद से बाहर निकल रहे थे तभी सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें धक्का देकर वापस सुरक्षित अंदर कर दिया था। इस बीच बाहर खड़ी उनकी गाड़ी पर आतंकियों की गोलियां भी लगी थीं। इसके अलावा 2001 में शेयर बाजार घोटाले की जांच के लिए बनी संयुक्त संसदीय समिति का अध्यक्ष भी उन्हें ही बनाया गया था।

जून में CM योगी ने की थी मुलाकात

इसी साल जून महीने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया दौरे के दौरान अचानक श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। उनका परिवार हमेशा से देवरिया की राजनीति और प्रशासनिक क्षेत्र में काफी सक्रिय रहा है। उनके भाई श्रीनिवास मणि त्रिपाठी विधायक रहे और एक अन्य भाई श्रीविलास मणि त्रिपाठी CRPF के महानिदेशक पद पर रह चुके हैं। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अहम व्यक्तित्व खो दिया है। CM योगी आदित्यनाथ के देवरिया दौरे के बीच हुई यह मुलाकात सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थी।

Updated on:
9 Nov 2026, 6:47 PM IST
Published on: