
Dewas 21 Month Old Girl Dies Snake Bite Suspected: मध्यप्रदेश के देवास जिले के गुनाई गांव में मंगलवार को हुई मासूम बच्ची की मौत ने सभी को रुला दिया। 21 महीने की मासूम कनक की जान बचाने के लिए पिता ने पूरी कोशिश की लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। पिता कनक को गोद में लेकर कार से करीब 18 किमी की दूरी महज 25-30 मिनट में तय कर अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कफन में लिपटी कनक का शव जब पिता को पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया तो हर किसी की आंख नम हो गई।
गुनाई गांव में रहने वाले सतीश की दोनों बेटियां 5 साल की श्रद्धा और 21 महीने की मासूम कनक मंगलवार को घर के बाहर खेल रही थीं। तभी अचानक पिता को कनक के चीखने की आवाज सुनाई दी, वो भागकर कनक के पास पहुंचे तो देखा कि कनक के पैर से खून निकल रहा था और सांप के डसने जैसा निशान था। पिता सतीश ने बिना कोई देर किए तुरंत कनक को गोद में उठाया और कार में बैठाकर करीब 18 किमी दूर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बेटी को बचाने के लिए पिता ने महज 25-30 मिनट में 18 किमी की दूरी तय की लेकिन फिर भी वो बेटी की जान नहीं बचा सके।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची कनक की जांच की तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। कनक के पैर पर सांप के डसने जैसा निशान होने की बात डॉक्टरों ने भी कही है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जब कफन में लिपटा कनक का शव पिता सतीश को सौंपा गया तो हर किसी की आंख नम हो गई। जब सतीश बेटी का शव गांव लेकर पहुंचे तो पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया, कनक की मौत से परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कनक को सांप ने डसा था या फिर किसी और जीव ने इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पिता सतीश ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने उस स्थान पर काफी तलाश की लेकिन सांप कहीं पर भी नहीं मिला। घटना का पता चलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया है, पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।