
Dewas Cloth Trader Accident: मध्यप्रदेश के देवास जिले के छोटा मालसापुरा क्षेत्र में एक 54 वर्षीय कपड़ा व्यापारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। कपड़ा व्यापारी राखी का त्योहार मनाने के लिए इंदौर से अपने घर शाजापुर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक को पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। व्यापारी की मौत की सूचना मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान बलराम देवतवाल निवासी शाजापुर के रूप में हुई है। वे इंदौर में कपड़ों का व्यापार करते थे। राखी के अवसर पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बुधवार को बाइक से शाजापुर जा रहे थे। इसी दौरान छोटा मालसापुरा क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बलराम को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर शाजापुर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस के भेजे गए फोटो के आधार पर परिजनों ने मृतक की पहचान बलराम देवतवाल के रूप में की। हादसे का पता चलते ही परिवार के सदस्य देवास पहुंचे जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उनको सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। व्यापारी की मौत से परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।