
Dewas College Student Suicide: मध्यप्रदेश के देवास में बीएनएपी थाना क्षेत्र में रहने वाली 19 साल की कॉलेज छात्रा ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त छात्रा घर अकेली थी और परिवार के सभी सदस्य खेत पर काम करने के लिए गए थे। छात्रा के पिता ने बताया कि आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों ने सूचना दी थी कि बेटी घर से कुछ दूरी पर बेहोश होकर गिर गई है। बेटी को तुरंत अस्पताल लेकर आए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
देवास के बीएनपी थाना क्षेत्र में रहने वाले भगवान सिंह बघेल के परिवार में बेटी की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। 19 वर्षीय बेटी तनीषा बघेल ने शुक्रवार सुबह कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पिता भगवान सिंह ने बताया कि बेटी तनीषा बघेल (19) कॉलेज में पढ़ती थी, बीते 8-9 दिनों से तनीषा कभी-कभी कॉलेज जा रही थी। उसे कुछ परेशानी थी इसके बारे में परिवार के किसी भी सदस्य को कोई जानकारी नहीं थी। सुबह बेटी तनीषा ने ही उन्हें चाय बनाकर दी और चाय पीकर वो और परिवार के अन्य सदस्य खेत चले गए थे।
पिता भगवान सिंह ने बताया कि जब वो खेत पर थे तब आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों ने सूचना दी कि तनीषा घर से कुछ दूरी पर बेहोश पड़ी हुई है। वो तुरंत मौके पर पहुंचे और बेटी को अस्पताल पहुंचाया, अस्पताल में इलाज शुरू हुआ लेकिन डॉक्टर तनीषा को बचा नहीं पाए और उसकी मौत हो गई। बेटी तनीषा की मौत से बघेल परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही बीएनपी थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और तनीषा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि जहर खाने के कारण तनिषा की मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।