
Dewas Mother Daughter Accident: मध्यप्रदेश के देवास में शुक्रवार को भोपाल बायपास पर हुए एक सड़क हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। मां-बेटी डॉक्टर को दिखाने के लिए शाजापुर जिले के निपानिया गांव से देवास आई थीं। इसी दौरान रिश्तेदार के साथ बाइक पर जाते समय उनकी बाइक को एक टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटी सड़क पर गिरी और टैंकर की चपेट में आ गईं। हादसे में मां की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान बेटी की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शांताबाई कुशवाह (44) और उनकी बेटी पायल कुशवाह (19) के रूप में हुई है। दोनों शाजापुर जिले के निपानिया गांव की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, मां-बेटी किसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अपने एक रिश्तेदार के साथ देवास में डॉक्टर को दिखाने के लिए आई थीं। डॉक्टर को दिखाने के बाद वापस लौटते वक्त जैसे वो रिश्तेदार के साथ बाइक से भोपाल बायपास पर पहुंची तो पीछे से आ रहे टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटी व रिश्तेदार तीनों सड़क पर गिर गए और भी मां बेटी टैंकर के पहिये के नीचे आ गईं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलत ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस से मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मां को मृत घोषित कर दिया। वहीं बेटी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन देवास अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मां-बेटी की हादसे में मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस टैंकर ने टक्कर मारी पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।