
Dewas News :मध्य प्रदेश के देवास जिले में मिनी ट्रक में शराब तस्करी करते हुए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचलने के मामले में एसआईटी की जांच लगातार जारी है। अलग-अलग टीमें जहां फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, आरोपियों के शराब तस्करी के नेटवर्क की बिंदुवार पड़ताल की जा रही है। एसआईटी की एक टीम आरोपी राहुल जायसवाल के पूरे कारोबार की पड़ताल कर रही है। एसआईटी की टीम पिछले तीन दिन से आरोपी राहुल को टिमरनी लेकर जा रही थी। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि, टीम ने आरोपी राहुल के ऑफिस में बने उसके कैबिन से 35 लाख रुपए नगद जब्त किए हैं।
सूत्रों के अनुसार जो राशि पुलिस ने जब्त की है वो राशि आरोपी ने छुपाकर अपने ऑफिस में रख रखी थी। ये राशि सभी साझेदारों के बीच बंटनी थी। बताया जा रहा है कि, ये राशि सिर्फ चार दिन की थी। ऐसे में चार दिन की इतनी राशि सामने आने पर माना जा रहा है कि, आरोपी अवैध रूप से शराब खपाकर हर माह करोड़ों रुपए कमा रहे थे। वहीं, जांच में एक्साइज ड्यूटी की चोरी भी सामने आई है।
जांच में ये भी सामने आया कि, आबकारी विभाग से शराब 300 पेटी शराब निकाली गई थीं, लेकिन घटना के बाद मिनी ट्रक से पुलिस को 208 पेटी शराब ही मिली थी। ऐसे में एसआईटी की टीम बाकी पेटियों की तलाश कर रही थी। आरोपी राहुल ने बची हुई शराब की पेटियां टिमरनी की ही दूसरी दुकान के गोडाउन में छिपाकर रख रखी थी। पुलिस ने दूसरी दुकान के गोडाउन से बची हुई 92 पेटियां जब्त की है।
पूछताछ में राहुल जायसवाल शराब को लेकर पुलिस को लगातार गुमराह कर रहा था। इस पर टीम ने आबकारी विभाग की मदद से जांच की और शराब के बैच नंबर और क्यूआर कोड का मिलान किया है। इसमें स्पष्ट हुआ कि, ट्रक से मिली शराब टिमरनी की शराब दुकान की ही थी। वहीं, सोडलपुर रोड पर जो जिस दुकान में शराब दुकान पाटेंद्र जायसवाल पर संचालित हो रही थी उस दुकान का मालिक भी राहुल ही है। उसने दुकान किराए पर दे रखी थी।
चंदाना में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में कोतवाली पुलिस ने रिमांड पर लिए गए आरोपियों को जेल भेज दिया है। मामले में आरोपी विनोद जायसवाल, शराब बनाने वाला अजय राठौर, ढक्कन सप्लाय करने रमाकांत मिश्रा, मेथेनॉल उपलब्ध कराने वाले व्यापारी अमन व उसके पिता आनंद कासलीवाल समेत अन्य को गिरफ्तार किया था। रिमांड के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपी आनंद कासलीवाल को न्यायालय ने जेल भेजने के आदेश दिए थे, लेकिन तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बीती शाम आनंद कासलीवाल को भी जेल पहुंचा दिया गया है।