
Dewas Mata Mandir Case : भारतीय जनता पार्टी से विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला और उसके साथियों द्वारा मध्य प्रदेश के देवास के प्रसिद्ध माता मंदिर के पुजारी से मारपीट और अभद्रता के मामले में अब मठ मंदिर पुजारी संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने एक आधिकारिक पत्र जारी करते हुए विधायक पुत्र से तीन दिन में सार्वजनिक रूप से मां जगदंबा भवानी और नाथ संप्रदाय के पुजारी से माफी मांगने को कह दिया है। पत्र के माध्यम से चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर विधायक पुत्र द्वारा माफी नहीं मांगी जाती तो पूरे हिंदू संप्रदाय के पुजारी आक्रोश जताएंगे।
संगठन अध्यक्ष ऋषभ बैरागी का कहना है कि देवास में मंदिर के पुजारी हमारे संगठन के सदस्य हैं। रविवार को संगठन के सदस्य उनसे मिलकर आए हैं। एक टीम सोमवार को दोबारा उनसे मिलने जा रही है। अगर भाजपा विधायक के बेटे मां जगदंबा भवानी और नाथ संप्रदाय के पुजारी से माफी नहीं मांगते तो फिर संगठन आगे की रूपरेखा तैयार करेगा।
आपको बता दें कि, इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष शुक्ला शुक्रवार आधी रात को अपने साथियों के साथ देवास की माता टेकरी पहुंचा था। घटनाक्रम रात करीब एक बजे का है। जहां विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला अपने साथियों को लेकर करीब एक दर्जन वाहनों के काफिले के साथ माता टेकरी पहुंचा था। आरोप है कि, मंदिर बंद होने के बावजूद इन लोगों ने पुजारी से जबरन पट खोलने को कहा। जब पुजारी के इंकार किया तो विधायक पुत्र और उसके साथियों ने पुजारी के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ मारपीट भी कर दी।
बताया जा रहा है कि, रुद्राक्ष शुक्ला और उसके साथी छोटी माता चामुंडा मंदिर में पूजा करने की जिद पर अड़ गए। जब पुजारी ने नियमों का हवाला देकर पट खोलने से मना किया तो विधायक पुत्र विवाद करने लगा। पुजारी परिवार का कहना है कि, उन्हें धमकाया गया है, जबकि पुजारी के साथ मारपीट की गई है। शनिवार को पीड़ित पुजारी ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी विधायक पुत्र के हुड़दंग का एक वीडियो वायरल हो रहा है।