देवास

एमपी में फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद पति का एक्शन, पत्नी को उसके दोस्त संग किया कार में अगवा

mp news: महिला व उसके दोस्त के साथ आरोपी पति व साथियों ने मारपीट की और कार में अगवा कर लिया, पुलिस ने पीछा कर इंदौर में छुड़ाया।

2 min read
Mar 31, 2026
Attack on Wife and Her male Friend as They Leave After Watching Film Dhurandhar

mp news: मध्यप्रदेश के देवास में एक सिनेमा हॉल में फिल्म धुरंधर के खत्म होने के बाद असली ड्रामा हुआ। उज्जैन रोड स्थित टॉकीज से दोस्त के साथ बाहर निकली महिला को उसके पति ने साथियों के साथ घेर लिया। पहले दोनों के साथ मारपीट की गई और फिर जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया गया। इस पूरी घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं अब इसका वीडियो भी सामने आया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। महिला अपने मित्र के साथ फिल्म देखने गई थी।

ये भी पढ़ें

MP News: नगर परिषद का बिजली कनेक्शन काटा तो बिजली दफ्तर के गेट पर लगाया कचरे का ढेर

पहले पीटा फिर किया किडनैप

महिला व उसका दोस्त जैसे ही टॉकीज से बाहर निकले तो पहले से घात लगाए बैठे पति रवि वर्मा, उसके भाई हर्षित और एक अन्य साथी ने हमला कर दिया। सिनेमा हॉल के बाहर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी विवादों के बढ़ते हिंसक रूप पर सवाल खड़े कर दिए। आरोपियों ने महिला और उसके दोस्त के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद दोनों को जबरदस्ती कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। घटना को देख आसपास मौजूद लोग सहम गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, इंदौर से गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आई और देर रात आरोपियों का पीछा कर इंदौर के एमआइजी थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहरण में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों में पति रवि वर्मा और उसका भाई हर्षित शामिल हैं, जो नेहरू नगर इंदौर के निवासी हैं। वहीं तीसरा आरोपी पीयूष यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला मूल रूप से इंदौर की रहने वाली है और उसका अपने पति से विवाद चल रहा था। इसी कारण वह अलग रह रही थी और इन दिनों अपने मित्र चिरायु पाठक के यहां ठहरी हुई थी। घटना वाले दिन वह उसी के साथ फिल्म देखने गई थी। कोतवाली टीआइ श्यामचंद्र शर्मा के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें

एमपी में बिना रिश्वत के फाइल नहीं बढ़ा रहा था जन शिक्षक, लोकायुक्त ने पकड़ा

Published on:
31 Mar 2026 10:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर