MP News: आदिवासी की जमीन के लिए कलेक्ट्रेट के बाबुओं ने कलेक्टर की अनुमति के फर्जी आदेश तैयार किए, 4 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
MP News: मध्यप्रदेश के देवास जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां कलेक्टर कार्यालय में ही फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कलेक्टर कार्यालय के बाबू और बाहरी लोगों ने मिलकर ऐसा फर्जीवाड़ा किया है जिसका खुलासा होने पर हर कोई हैरान है। कलेक्ट्रेट के बाबू अन्य बाहरी लोगों के साथ मिलकर कलेक्टर के आदेश के फर्जी दस्तावेज जारी कर रहे थे। फर्जीवाड़ा सामने आया तो कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने जांच के निर्देश दिए और तब पूरे फर्जीवाड़े के खेल का खुलासा हुआ। इसके बाद कलेक्टर के आदेश पर बीएनपी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार एडीएम का रीडर संजीव जाटव, नजूल शाखा का बाबू रमेश लोबानिया, विजयागंज मंडी तहसील कार्यालय का बाबू जितेंद्र भद्रे व खातेगांव क्षेत्र के महेंद्र कुशवाह सहित अन्य आरोपी मिलकर फर्जीवाड़ा कर रहे थे। मामला सामने आने के बाद बीएनपी पुलिस ने आरोपी संजीव, रमेश, जितेंद्र व महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं मामले में दो से तीन आरोपी बढ़ने की संभावना है।
किसी भी आदिवासी की जमीन बेचने के लिए कलेक्टर की अनुमति आवश्यक होती है। सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने मिलकर कलेक्टर की अनुमति संबंधी फर्जी आदेश जारी किए। मामले में जब संबंधित व्यक्ति रजिस्ट्री कराने पहुंचे तो जिला पंजीयक को गड़बड़ी की शंका हुई। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर को जानकारी दी। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अपने स्तर पर जांच करवाई तो फर्जीवाड़ा सामने आया। सूत्रों के अनुसार ऐसे करीब 13 प्रकरण सामने आए हैं जिनमें आरोपियों ने फर्जी तरीके से आदेश जारी किए। कलेक्टर ने इस संबंध में पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के लिए पत्र लिखा था। इसके बाद बीएनपी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें पद से पृथक किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है। जो भी संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।