
Dewas Woman Death: मध्यप्रदेश के देवास जिले के सतवास में पुनासा रोड स्थित पुनर्वास में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 3 साल की बच्ची खून लगे कपड़ों में रोते हुए घर से बाहर आई। बच्ची के कपड़ों और रोते हुए देख सामने रह रहे किराएदार ने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर से एक महिला का शव मिला जबकि महिला की बेटी घायल हालत में थी।
पुनर्वास में रहने वाली 55 वर्षीय माया शर्मा का शव गुरुवार को उनके ही घर में मिला है। घर में उनकी बेटी रानू भी घायल हालत में मिली है जो कि अपनी 3 साल की बेटी के साथ रक्षाबंधन पर मां के घर आई थी। बताया जा रहा है कि 3 साल की बच्ची जब रोते हुए घर से बाहर निकली तो उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। खून देखकर आसपड़ोस में रहने वाले लोगों को आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तब घटना का पता चला। पुलिस ने माया शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल बेटी रानू को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं रानू की 3 साल की बेटी सुरक्षित है।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कन्नौद सौम्या जैन, कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी व सतवास थाना प्रभारी आशीष पाल मौके पर पहुंचे। एएसपी सौम्या जैन ने बताया कि माया शर्मा का शव मिला है और उनकी बेटी घायल अवस्था में मिली थी। प्रथम दृष्टया महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर रात में एसपी पुनीत गेहलोद भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर देर शाम फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। बताया गया है कि मृतका माया शर्मा के पति अशोक शर्मा का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह पुनर्वास रोड स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं। उनकी इकलौती बेटी रानू पति राकेश निवासी उज्जैन रक्षाबंधन पर मायके आई थी और मां के साथ रह रही थी। फिलहाल माया शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या वजह है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।