
Dewas Woman Death on Karwa Chauth: मध्यप्रदेश के देवास में एक महिला की घर में संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। करवा चौथ की रात चांद न दिखने पर बिना खाए सोई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह 9 बजे पत्नी को पति ने बिस्तर पर बेसुध देखा और उसे जगाने की कोशिश की तो वो नहीं उठी। इसके बाद पति तुरंत पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और जांच कर रही है।
मृतका यशोदा (30) के पति जितेन्द्र बोडाना ने बताया कि पत्नी यशोदा ने करवा चौथ का व्रत रखा था। रात में 11 बजे तक वो चांद दिखने का इंतजार करती रही लेकिन चांद नहीं दिखा तो बिना व्रत खोले ही सो गई थी। सुबह करीब 4 बजे उसे घबराहट हुई तो मैंने पीने के लिए पानी दिया। पानी पीकर यशोदा फिर से सो गई थी। सुबह 9 बजे जब उसे मैंने और बेटी ने जगाने की कोशिश की तो वो नहीं उठी। तुरंत अस्पताल लेकर आए, यहां डॉक्टरों ने बताया कि मौत हो चुकी है।
पति जितेन्द्र बोडाना ने बताया कि वो हम्माली करता है, करवा चौथ पर पत्नी को नई साड़ी दिलाने के लिए कहा था लेकिन उसने मना कर दिया था। उनके दो बच्चे हैं जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। यशोदा की मौत कैसे हुई फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।