
Dewas Youth Dies in Byawara Bus Accident: 'मां मैं इस बार राखी पर नहीं आ पाऊंगा आप मैनेज कर लेना…' ये बात मध्यप्रदेश के देवास जिले के बिजवाड़ निवासी 23 वर्षीय ज्योतिरादित्य सिंह ने अपनी मां से फोन पर कही थी। हालांकि वो राखी पर मां और बहन को सरप्राइज देने के लिए आ रहा था लेकिन इससे पहले कि वो घर पहुंच पाता राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भोपाल-इंदौर बायपास पर हुए हादसे में उसकी जान चली गई। जब हादसे की खबर परिजनों को लगी तो राखी के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
बिजवाड़ निवासी पूर्व सरपंच व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रमसिंह गौड़ के 23 वर्षीय बेटे ज्योतिरादित्य सिंह लखनऊ में जॉब करते थे। हर साल वो राखी पर मां और बहन को सरप्राइज देते थे, इस साल भी उन्होंने मां और बहन को सरप्राइज देने की प्लानिंग की। कुछ दिन पहले मां से फोन पर कहा कि ऑफिस से छुट्टी नहीं मिल पाने के कारण इस साल वो राखी पर नहीं आ पाएंगे, लेकिन सरप्राइज देने के लिए बस से देवास आ रहे थे।
लखनऊ से इंदौर आ रही स्लीपर बस क्रमांक NL01 B 3436 राखी की सुबह राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भोपाल-इंदौर बायपास पर बने ओवरब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बस ब्यावरा में भोपाल बायपास वाले ओवरब्रिज पर पहुंची तो करीब 90 डिग्री के ब्रिज पर टर्न लेते वक्त तेज रफ्तार बस तिरछी होकर डिवाइडर से टकराकर रगड़ती हुई चली गई। हादसे में बस में बाईं ओर सो रहे 4 लोगों की मृत्यु हो गई जिनमें से एक ज्योतिरादित्य सिंह भी थे। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ज्योतिरादित्य की मां व बहन को इस बात का भरोसा था कि राखी पर वो घर जरुर आएगा, इसलिए मां और बहन घर में इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान जब हादसे की सूचना उन्हें मिली तो पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस की सूचना पर देवास से माता-पिता ब्यावरा पहुंचे और बेटे का शव देख बदहवास हो गए। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम परिजन ज्योतिरादित्य के शव को लेकर गृहग्राम पहुंचे जहां अंतिम संस्कार किया गया, शोक स्वरूप पूरा बिजवाड़ बंद रहा।