धमतरी

आखिर खेत से निकले बिना कैसे बिक गया 42 क्विंटल धान? पटवारी-सरपंच की मौजूदगी में बना पंचनामा, धमतरी में उठे सवाल

Paddy Procurement Irregularities: खेत में धान की फसल खड़ी थी, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में 42 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज हो गई। शिकायत सामने आने के बाद खेत में कटाई के प्रयास और समिति की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 5:06 PM IST
Chhattisgarh News
बिना कटाई 42 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Dhan Kharidi Scam: धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धमतरी के सांकरा सोसायटी से एक मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जिस खेत में धान की फसल खड़ी थी और कटाई भी शुरू नहीं हुई थी, उसी खेत के रकबे के आधार पर 42 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि बिक्री दर्ज होने के अगले ही दिन भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। शिकायत सामने आने के बाद खेत में कटाई के प्रयास और समिति की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल मामला प्रशासन तक पहुंच गया है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम सांकरा निवासी तरुण पिता मोहन सिन्हा के नाम पर एग्रीस्टैक पोर्टल में हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124, जिसका रकबा 0.4800 हेक्टेयर है, दर्ज है। आरोप है कि इसी रकबे के आधार पर 15 नवंबर को टोकन क्रमांक टीके 59001901262700627 के जरिए 42 क्विंटल धान की बिक्री दर्ज की गई। इसके बाद 16 नवंबर को बैंक स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो गई।

शिकायतकर्ता प्रेम नारायण सिन्हा का कहना है कि 15 नवंबर को जब धान की बिक्री दर्ज की गई, उस समय संबंधित खेत में फसल खड़ी थी और उसकी कटाई तक नहीं हुई थी। ऐसे में बिना फसल कटे 42 क्विंटल धान की बिक्री कैसे दर्ज हो गई, यह जांच का विषय है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बाद खेत में कटाई करने की कोशिश भी की गई, ताकि यह दर्शाया जा सके कि खरीदा गया धान इसी खेत से निकला है। हालांकि, ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण कटाई नहीं हो सकी।

समिति का प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, पटवारी-सरपंच की मौजूदगी में बना पंचनामा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, खेत में कटाई के प्रयास की जानकारी मिलने पर स्थिति स्पष्ट करने और पंचनामा तैयार कराने के लिए समिति को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद समिति का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में पटवारी, कोटवार, सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। खेत में खड़ी फसल की स्थिति को दर्ज करने के लिए जियोटैग तस्वीरें भी ली गईं। शिकायतकर्ता ने इन्हें मामले से जुड़े साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया है।

डिजिटल सर्वे और बायोमेट्रिक सत्यापन पर भी सवाल

इस खरीफ सीजन में धान खरीदी के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत दर्ज रकबे और बायोमेट्रिक सत्यापन को महत्वपूर्ण प्रक्रिया माना गया है। इसके बावजूद यदि खेत में फसल की वास्तविक स्थिति और खरीदी के रिकॉर्ड में अंतर है, तो यह पूरी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले भी संबंधित मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। पंचनामा तैयार करने के दौरान समिति के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति ने भी संदेह बढ़ाया है।

भुगतान रोकने और एफआईआर दर्ज करने की मांग

मामले को लेकर प्रेम नारायण सिन्हा ने कलेक्टर, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सिहावा को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पंचनामा और जियोटैग तस्वीरों को जांच में शामिल कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित धान खरीदी के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई है।

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित किसान, समिति प्रबंधक और खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि 42 क्विंटल धान की खरीदी किन परिस्थितियों में दर्ज हुई और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है।

Updated on:
20 Nov 2026, 5:06 PM IST
Published on: