
Big Breaking News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से शनिवार सुबह एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। खपरी बाईपास रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में जगदलपुर की 201 बटालियन के तीन जवानों सहित कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदलपुर 201 बटालियन के जवानों को लेकर आ रही एक डिजायर कार खपरी बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार में सवार जवान अंदर बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे में जवान मुकेश कुमार, हीरालाल नागर, सौरभ तोमर और राजकुमार गोड की मौत हो गई। वहीं जवान अभिमान राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि सभी जवान होली का त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे, लेकिन खुशियों से भरी यह यात्रा अचानक मातम में बदल गई। जैसे ही हादसे की सूचना परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। दिवंगत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे ने न केवल धमतरी बल्कि पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। होली जैसे पर्व से ठीक पहले जवानों की असामयिक मृत्यु ने सभी को भावुक कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।