CG School News: एक सरकारी मिडिल स्कूल में 35 छात्रों द्वारा अपनी कलाइयां काटने का मामला सामने आया है। घटना करीब एक महीने पुरानी है, जो परिजनों की शिकायत के बाद उजागर हुई।
CG School News: धमतरी जिले के एक सरकारी मिडिल स्कूल से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दर्जनों छात्रों ने अपनी कलाइयों को नुकीली वस्तु से जख्मी कर लिया था। करीब एक महीने पुरानी इस घटना के उजागर होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की और बच्चों की मनोचिकित्सक से काउंसलिंग भी कराई गई। साथ ही जिले के सभी स्कूलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह मामला कुरूद ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दहदहा का है, जो ब्लॉक मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर राजिम रोड पर स्थित है। यहां कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के कुल 35 छात्रों के हाथों में कलाई के पास कट के निशान पाए गए। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब 20 से 25 दिन पहले की है, लेकिन 13 फरवरी को एक छात्र के परिजन द्वारा शिकायत करने के बाद स्कूल प्रबंधन के संज्ञान में आई।
जांच के दौरान पाया गया कि बच्चों ने किसी नुकीली चीज से अपनी कलाइयों को कुरेदकर जख्मी किया था। हालांकि, तब तक घाव भर चुके थे और ध्यान से देखने पर ही निशान दिखाई दे रहे थे। प्रारंभ में आशंका जताई गई कि कहीं यह नशे से जुड़ा मामला तो नहीं है, खासकर क्षेत्र में नशे की गतिविधियों की चर्चाओं को देखते हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। 16 फरवरी को टीम स्कूल पहुंची और अभिभावकों व शिक्षकों के साथ बैठक कर बच्चों से बातचीत की। इसके बाद सभी संबंधित छात्रों की मनोचिकित्सक से काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग और पूछताछ में सामने आया कि यह किसी तरह की आपसी चुनौती और देखा-देखी का परिणाम था। एक छात्र द्वारा हाथ काटने के बाद अन्य बच्चों ने भी वैसा ही किया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह किसी ट्रेंड या सोशल मीडिया से प्रभावित व्यवहार जैसा प्रतीत होता है, हालांकि इसकी पूरी पुष्टि अभी जांच का विषय है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह मामला बच्चों की आपसी नकल और बहादुरी दिखाने की मानसिकता से जुड़ा दिख रहा है। भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी स्कूलों को सतर्क रहने और विद्यार्थियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।