
Nalanda Complex: निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। हटकेशर में प्रस्तावित स्थल पर इसी महीने निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। परिसर बनने के बाद एक साथ 500 विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने निर्माण के लिए एवीआर इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड रायपुर की न्यूनतम निविदा दर को मंजूरी दी है।
निर्माण की संभावित लागत 9 करोड़ 22 लाख 34 हजार 251 रुपए है। नालंदा परिसर में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी), व्यापमं, नीट, जेईई, एनडीए जैसे हाईटेक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को व्यवस्थित अध्ययन का माहौल मिलेगा। धमतरी जिला सहित आसपास के जिले के लोगों को अब बड़े शहरों की दौड़ लगानी नहीं पड़ेगी।
हटकेशर में परिसर के लिए प्रस्तावित जमीन को लेकर फरवरी में हटकेशर, सुभाषनगर और शीतलापारा वार्ड के लोगों ने विरोध जताया था। वार्डवासियों ने कलेक्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने सार्वजनिक उपयोग की जरूरतों का हवाला देते हुए निर्माण के लिए दूसरी जगह चयन करने की मांग की थी। हटकेशर को सेंटर मानते हुए अधिकारियों ने यही निर्माण कराने का निर्णय लिया और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
हटकेशर में पूर्व निर्धारित स्थल पर ही नालंदा परिसर बनाया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के बाद संबंधित एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। परिसर बनने से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर और व्यवस्थित अध्ययन सुविधा मिलेगी। एके वर्मा, आयुक्त ननि