विधानसभा सीटों के लिए 26 अक्टूबर से नामांकन दाखिल किया जाएगा।
धमतरी. जिले की धमतरी, कुरूद और सिहावा विधानसभा सीटों के लिए 26 अक्टूबर से नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इसके तहत नामांकन, स्क्रूटनी समेत अन्य कार्यों के लिए लाइवीहुड कालेज मेंं स्ट्रांग रूम बनाया गया है। उधर विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के प्रत्याशी शुभ मुहूर्त देखकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले के धमतरी, कुरूद और सिहावा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव को राजनैतिक सरगर्मी तेज हो गई है। यहां 20 नवंबर को 733 बूथों पर मतदान होना है। इसके लिए 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके बाद नामाकंन की प्रक्रिया शुरू होगी। लाइवीहुड कालेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के मद्देनजर पांच सीसी टीवी कैमरा भी लगाया गया है। इसके अलावा 100 मीटर की दूरी पर बैरिकेट्स भी लगाया गया है। गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ सीआर प्रसन्ना ने लाइवीहुड कालेज का मुआयना किया। उन्होंने यहां चुनाव की तैयारी का जायजा लेकर अपने मातहात कर्मचारियों को आवश्य दिशा-निर्देश भी दिया है। बताया गया है कि नामांकन भरने की प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। 2 नवंबर तक नामांकन भरने की प्रक्रिया के बाद 3 नवंबर को संवीक्षा होगी। और ५ नवंबर तक नाम वापसी और 20 नवंबर को मतदान होगा।
मतदाता एक नजर में
विधानसभा मतदाता मतदान केन्द्र
सिहावा 189120 247
कुरूद 193839 231
धमतरी 102538 255
कुल मतदाता 5,92,141 733
ये प्रत्याशी दाखिल करेंगे नामांकन
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अजय चंद्राकर, रंजना साहू और पिंकी शाह, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने दिग्विजय सिंह कृदत्त, आम आदमी पार्टी ने शत्रुघन साहू, तेजेन्द्र तोड़ेकर तथा बसपा ने कन्हैयालाल साहू को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इसके विपरीत कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। उधर बताया गया है कि वे शुभ मुहूर्त देखकर कलक्टोरेट स्थित लाइवीहूड कालेज में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
28 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील
उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले में कुल 5 लाख 92 हजार 141 मतदाता हैं। यहां 733 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा मतदान केन्द्र 255 धमतरी में है। इसके अलावा सिहावा में 247 और कुरूद में 231 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमें से 120 मतदान केन्द्र संवेदनशील है। 28 मतदान केन्द्रों को अतिसंवेदनशील माना गया है। इस बार करीब 61 हजार 784 मतदाता और बढ़ गए हैं।
जिला निर्वाचन, डॉ सीआर प्रसन्ना ने बताया जिला प्रशासन ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए लाइवीहुड कालेज में स्ट्रांग रूम बनाया है। यहां आवश्यक सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।