
Online School TC Process: स्कूल से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेने के लिए अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। धमतरी जिले में टीसी जारी करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है। अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन, सत्यापन और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी होगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नई व्यवस्था को लागू करने से पहले संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशिक्षण दिया गया। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर निलेश कुमार जांगड़े ने सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन दर्ज करने, दस्तावेजों के सत्यापन, अनुमोदन और टीसी जारी करने की प्रक्रिया समझाई। संभावित तकनीकी समस्याओं के समाधान की जानकारी भी दी गई।
पहले टीसी के लिए विद्यार्थियों को स्कूल जाकर आवेदन देना पड़ता था। इसके बाद रजिस्टरों में पुराने रिकॉर्ड की जांच, बकाया शुल्क और अन्य औपचारिकताओं का सत्यापन होता था। अधिकारियों की अनुपस्थिति या दस्तावेजी प्रक्रिया में देरी से अभिभावकों को कई बार स्कूल पहुंचना पड़ता था। ऑनलाइन व्यवस्था से प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होने के साथ स्कूलों का दस्तावेजी कामकाज भी आसान होगा। पूर्व में कई बार पुरानी प्रक्रिया के तहत छात्र-छात्राओं को अभिभावकों को टीसी के लिए भटकना पड़ रहा था। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी भी रूकेगी।