धमतरी

महंगाई का डबल अटैक: 6 मई से इस जिले में बड़ा, कचौड़ी-समोसा 35 रुपये प्लेट, सिलेंडर 993 रुपये महंगा

Street food price hike: 6 मई से धमतरी जिले में बड़ा, कचौड़ी और समोसा जैसे नाश्ते अब 35 रुपये प्रति प्लेट में मिलेंगे, जिससे आम लोगों का रोजमर्रा का खर्च और बढ़ने वाला है।
2 min read
May 03, 2026
महंगाई का डबल अटैक (फोटो सोर्स- AI)
महंगाई का डबल अटैक (फोटो सोर्स- AI)

Street food price hike: भीषण गर्मी के बीच अब आदमी की जेब महंगाई से झुलसने वाली है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में ९९३ रूपए की वृद्धि कर दी गई है। इसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा। गैस की बढ़ी कीमत का पहला झटका नाश्ते के रूप में पड़ेगा।

धमतरी हॉटल व्यवसायी संघ ने 6 मई से नाश्ते के रेट में 5 रूपए वृद्धि के साथ 35 रूपए प्रति प्लेट नाश्ता करने जा रही है। अब संघ से जुड़े हॉटलों में मूंग बड़ा, कचौड़ी, समोसा, आलू गुंडा आदि नाश्ता 35 रूपए प्लेट पर मिलेगा। कुछ अन्य हॉटल संचालक भी गैस की बढ़ी कीमत को देखते हुए भविष्य में नाश्ते के रेट में बढ़ोतरी करने की बात कह रहे हैं।

Street food price hike: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का वैश्विक असर

गैस एजेंसी के संचालक मोहन अग्रवाल ने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का वैश्विक असर देखने को मिल रहा है। दो महीने बाद भी कॉमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। 1 मई से 19 किग्रा कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रूपए भारी वृद्धि हुई है। वर्तमान में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3328 रूपए हो गई है। उन्होंने बताया कि जिले में 12 गैस एजेंसियां संचालित है। होटल, स्ट्रीट फूड वेंडर और रेस्तरां सहित अन्य फूड प्रतिष्ठानों को मिलाकर प्रतिदिन अनुमानित औसतन 500 सिलेंडर की खपत होती है।

आपूर्ति बहाल नहीं होने से अभी भी गैस की किल्लत बनी हुई है। सिलेंडर की कीमत बढ़ने से गैस एजेंसी संचालकों को भी झटका लगा है। घरेलू लाल एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है, इसलिए इस सिलेंडर की कमी नहीं है, लेकिन कॉमर्शियल को लेकर अभी भी परेशानी हो रही है।

घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी की आशंका

इधर कामर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर के दामों के बीच बढ़ता अंतर कालाबाजारी को बढ़ावा दे सकता है। होटल और ढाबों में लागत कम करने के लिए नीले (कामर्शियल) सिलेंडर की जगह लाल (घरेलू) सिलेंडर के अवैध उपयोग की आशंका बढ़ गई है। यदि प्रशासन ने समय रहते सख्त मॉनिटरिंग नहीं की, तो घरेलू उपभोक्ताओं को किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

5 रूपए बढोतरी कर रहे

धमतरी हॉटल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष पदमाकर वाइकर ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध से तेल, गैस सिलेंडर समेत विभिन्न खाद्य सामाग्रियों की कीमत में इजाफा हुआ है इसलिए प्रति प्लेट नाश्ते की कीमत में 5 रूपए की बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। संभवत: 6 मई से प्रति प्लेट नाश्ते की नई दरें जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नाश्ता 30 रूपए प्रति प्लेट में दे रहे हैं। 6 मई के बाद 35 रूपए प्रति प्लेट के हिसाब से नाश्ता दिया जाएगा। इसके पूर्व दो साल पहले 5 रूपए की वृद्धि हुई थी।

भोजन की थाली भी होगी महंगी

होटल व्यवसायियों की मानें तो रेस्तरां और हॉटल में मिलने वाले भोजन की थाली में 10 से 20 तक की बढोतरी हो सकती है। महंगाई बढऩे से चाट, गुपचुप और फास्ट फूड के शौकीनों को भी अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कॉमर्शियल सिलेंडर यूज करने वाले स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने भी रेट लिस्ट बदलने की तैयारी कर ली है। अधिकांश छोटे हॉटल संचालक फिर से चूल्हा युग को अपना रहे हैं। भट्ठे जलाकर लकड़ी-गुटखे का उपयोग कर रहे हैं।

Published on:
03 May 2026 03:15 pm