धार

छुट्टी पर घर लौट रहे अग्निवीर का दिल्ली एयरपोर्ट पर निधन, लेह-लद्दाख बॉर्डर पर थी पोस्टिंग

MP News: छुट्टी पर मध्य प्रदेश में अपने घर लौट रहे अग्निवीर संदीप जमरा का दिल्ली एयरपोर्ट पर निधन। गांव में पसरा मातम। लेह-बाग/लद्दाख सीमा पर थी पोस्टिंग।

2 min read
Apr 27, 2026
Agniveer Sandeep Jamra passed away at Delhi Airport returning to his home on leave MP News
Agniveer Sandeep Jamra of dhar passed away at Delhi Airport (फोटो- Patrika.com)

Agniveer Sandeep Jamra passed away: मध्य प्रदेश के लिए दिल्ली से दुखद खबर सामने आई है। धार जिले के आदिवासी बाहुल्य बाग क्षेत्र के ग्राम जामला के जांबाज युवा और अग्निवीर सैनिक संदीप जमरा का अकास्मिक निधन हो गया। अग्निवीर संदीप लेह-लद्दाख सीमा (Leh-Ladakh Border) पर तैनात थे। जहां से छुट्टी मिलने के लिए खुशी-खुशी अपने गांव आ रहे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार तक पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। निधन की खबर से परिवार सहित पूरे गांव में मातम छा गया। संदीप का सपना था आर्मी में भर्ती होने का। (MP News)

साल 2024 में हुई थी भर्ती

जानकारी के अनुसार जामला निवासी संदीप जमरा साल 2024 में अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग लेह-लद्दाख सीमा की गई थी। हाल ही में छुट्टियां स्वीकृत हुई थीं और वे अपने परिवार से मिलने के लिए घर के लिए रवाना हुए थे। इसी बीच संदीप तो घर नहीं पहुंचा, लेकिन मौत की खबर आ गई। मृत्यु कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। (MP News)

अग्निवीर संदीप जमरा

दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही बिगड़ी तबीयत

संदीप दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर उतरे थे और वहां से उन्हें इंदौर के लिए ट्रेन पकडऩी थीं। इसी दौरान एयरपोर्ट पर उन्हें अचानक चक्कर आया और वे गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल उन्हें दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

संदीप के पिता करण सिंह जमरा और मां मढ़ीबाई संदीप के घर लौटने की खबर से खुश थे। एकाएक जब बेटे के निधन की सूचना मिली तो परिजन सदमे में आ गए। परिजन रोहित जमरा ने बताया कि दिल्ली के आर्मी अस्पताल में सेना के जवानों ने संदीप के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और ससम्मान एंबुलेंस से विदा किया।

बचपन से देखा था सेना में भर्ती होने का सपना

जामला के सरपंच प्रतिनिधि कैलाश भंवर ने बताया कि संदीप का बचपन से ही एकमात्र सपना भारतीय सेना में जाकर देश की रक्षा करना था। संदीप के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है। तीन बहनों का विवाह हो चुका है। महज दो साल की सेवा के बाद संदीप के इस तरह चले जाने से उनके मोहल्ले जमरापुरा सहित पूरे बाग विकासखंड में शोक छाया हुआ है। (MP News)

Updated on:
28 Apr 2026 09:49 am
Published on:
27 Apr 2026 09:21 pm