धार

धार में भीषण पिकअप हादसे में अबतक 16 की मौत, पीएम मोदी और सीएम मोहन ने जताया दुख

Horrific Pickup Accident : इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर के बाद मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अबतक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। हादसे को लेकर पीएम मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

3 min read
Apr 30, 2026
धार में भीषण पिकअप हादसे में अबतक 15 की मौत (Photo Source- Input)

Horrific Pickup Accident :मध्य प्रदेश के धार जिले से गुजरने वाले इंदौर - अहमदाबाद हाईवे के तिरला बायपास पर बुधवार देर रात एक स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर के बाद पिकअप वाहन पलटने से उसमें सवार 50 मजदूरों में से अब तक 16 की मौत की पुष्टि हो गई है। जबकि इतने ही मजदूरों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं। इस ह्रद्य विदारक घटना को लेकर प्रभाधनमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने सहायता राशि का भी एलान किया है।

हादसा चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास देर रात को हुआ है। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन पहले एक स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि, वाहन में क्षमता से काफी ज्यादा मजदूर सवार थे। वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस भीषण हादसे के बाद सुबह तड़के तक करीब 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। दुखद बात ये है कि, मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 13 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, इसलिए मृतक संख्या बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें

परिवार के इस सदस्य ने कराई सोनम रघुवंशी की जमानत, हत्याकांड के बाद तोड़ चुके थे सारे नाते

धार जिला अस्पताल के डॉक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि, 35 लोग अस्पताल लाए गए थे। इसमें कई लोगों की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है। घायलों में लगभग 8 से 10 बच्चे भी शामिल हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने पीएमओ के आधिकारिक एक्स हंडल से पोस्ट करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, मृतकों के परिजन को केंद्रीय कोष से 2-2 लाख रूपए आर्थिक सहायता राशि देने और घायलों को 50-50 हजार रूपए आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।

सीएम मोहन ने जताया दुख

वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स हैंडल पर लिखा कि, धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चिकलिया फाटा के पास हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिजनों के साथ हैं।

मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का उपचार नि:शुल्क किया जाएगा।

ईश्वर दिवंगतों को शांति व शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।

कुछ घायलों को इंदौर भेजा : कलेक्टर

धार कलेक्टर अभिषेक चौधरी के अनुसार, सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार यहीं चल रहा है। इंदौर जिला प्रशासन, वहां के सीएमएचओ और स्वास्थ्य टीम से समन्वय स्थापित कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर अन्य घायलों को भी इंदौर के सरकारी और निजी अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।

पिकअप में सवार थे करीब 50 मजदूर

जानकारी के मुताबिक पिकअप में करीब 50 मजदूर सवार थे जो लेबड़ क्षेत्र से मजदूरी कर खुशी-खुशी अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में अबतक 16 लोगों की मौत हुई है जिनमें 10 महिलाएं और 4 पुरुष और 2 बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर समेलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर गांव के निवासी थे।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी

भीषण हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चार अलग-अलग वाहनों से अस्पताल पहुंचा। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। ओपीडी से लेकर वार्ड तक हर जगह खून और चीख-पुकार का दर्दनाक दृश्य नजर आया। परिजन अपनों को ढूंढते हुए बदहवास नजर आए। अस्पताल का आईसीयू वार्ड पूरी तरह घायलों से भर गया। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटनास्थल से कई शव लाए गए, जिनमें एक बच्ची का शव देख परिजन फूट-फूटकर रो पड़े।

400 रुपए की मजदूरी पड़ी भारी

घायल निलेश डावर ने बताया कि सभी मजदूर सुबह लेबड़ के खेतों में काम करने गए थे, जहां 400 रुपए मजदूरी तय हुई थी। शाम को घर लौटते वक्त अचानक यह हादसा हो गया। पिकअप चालक राधेश्याम भी गंभीर रूप से घायल है और बेहोश है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण नहीं रख पाई। टक्कर के बाद वाहन के एयरबैग तक खुल गए, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में जान गंवाने वालों में कई एक ही परिवार के सदस्य है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि सुल्तानपुर के पूर्व सरपंच मुन्नालाल डावर का पोता, पत्नी सावित्री और 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।

ये भी पढ़ें

भीषण गर्मी के बीच 18 जिलों में बारिश तो 20 जिलों में लू का अलर्ट, 50 कि.मी रफ्तार से चलेगी हवा
Published on:
30 Apr 2026 07:04 am
Also Read
View All