
Indore Dhar Train Update: मध्यप्रदेश के इंदौर से धार तक ट्रेन दौड़ने का इंतजार अब अंतिम चरण में पहुंचता नजर आ रहा है। करीब 45 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रैक तैयार होने के बाद रेलवे ने निरीक्षण और अधूरे कामों को पूरा करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को रेलवे अधिकारियों की टीम ने धार से सागौर तक करीब छह घंटे तक ट्रॉली में बैठकर ट्रैक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुल-पुलिया, रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल और निर्माण कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया। जहां कमियां मिलीं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए। मंगलवार को सागौर से पीथमपुर के बीच निरीक्षण होगा। इसी बीच 28 और 29 अक्टूबर को रेलखंड के सीआरएस निरीक्षण का प्रस्तावित कार्यक्रम है। यदि शेष काम समय पर पूरे हुए और निरीक्षण में सब कुछ ठीक मिला तो दीपावली के बाद ट्रेन संचालन की उम्मीद की जा रही है।
रेलवे के मुख्य अभियंता प्लानिंग विकास कुमार टीम के साथ धार पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे तीन ट्रॉलियों में सवार होकर अधिकारियों ने धार से सागौर तक निरीक्षण शुरू किया, जो शाम करीब छह बजे तक चला। टीम ने धार से आगे उटावद और गुणावद होते हुए रेलखंड की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान ट्रैक की गुणवत्ता, पुल-पुलियों की स्थिति, सिग्नल व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। कुछ स्थानों पर अधूरे कामों से जुड़ी कमियां सामने आने पर अधिकारियों ने आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
धार रेलवे स्टेशन पर भी कई कार्य अभी जारी हैं। अधिकारियों ने वेटिंग रूम, ऑनलाइन टिकट घर और कंट्रोल रूम में केबल व इंटरनेट कनेक्टिविटी से जुड़े कामों की जानकारी ली। अधूरे कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। संबंधित ठेकेदारों और एजेंसियों को निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और काम में तेजी लाने के लिए कहा गया। सीआरएस निरीक्षण से पहले स्टेशन सहित पूरे रेलखंड की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के इस हिस्से में टीही टनल सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रही है। करीब 2957 मीटर लंबी सुरंग में पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है। हालांकि, कुछ हिस्सों में फाउंडेशन और लाइटिंग फिक्स्चर लगाने जैसे कार्य बाकी हैं। सिग्नलिंग से जुड़े उपकरण और कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है। रेलवे का लक्ष्य इन कामों को एक से डेढ़ सप्ताह में पूरा करने का है। मंगलवार को सागौर से पीथमपुर के बीच होने वाले निरीक्षण में टीही टनल पर चल रहे कार्यों की स्थिति भी देखी जाएगी।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, धार-पीथमपुर रेलखंड पर 28 और 29 अक्टूबर को सीआरएस का दौरा प्रस्तावित है। निरीक्षण में सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच की जाएगी। इसके बाद निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। निर्धारित मानकों पर रेलखंड खरा उतरने और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही नियमित ट्रेन संचालन का निर्णय लिया जा सकेगा। इसी कारण दीपावली के बाद नवंबर-दिसंबर में ट्रेन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं है।