
Mokshada Ekadashi 2026: भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित पावन मार्गशीर्ष यानी अगहन मास का बुधवार से शुभारंभ हो गया। हिंदू पंचांग का नौवां महीना इस बार 29 दिनों का होगा और 23 दिसंबर को मार्गशीर्ष पूर्णिमा के साथ इसका समापन होगा। धर्म, आस्था और साधना से सराबोर इस महीने में संकष्टी चतुर्थी से लेकर गीता जयंती, मोक्षदा एकादशी और विवाह पंचमी तक कई प्रमुख व्रत-त्योहार श्रद्धालुओं की भक्ति को नई ऊर्जा देंगे। वहीं, 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश करते ही खरमास शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही अगले एक महीने तक विवाह, प्रवेश सहित अन्य मांगलिक आयोजनों पर विराम लग जाएगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अगहन मास में पवित्र नदियों में स्नान, जरूरतमंदों को दान, भगवान विष्णु की पूजा और गीता का पाठ विशेष फलदायी माना गया है। इस दौरान प्रतिदिन विष्णु सहस्रनाम और गजेंद्र मोक्ष का पाठ करना भी शुभा शुभ माना जाता है। भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित कर उसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण करने महीने में साधारण शंख का भी की परंपरा है। मान्यता है कि इस भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय पंचजन्य शंख के समान पूजन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
मार्गशीर्ष मास का महत्व केवल व्रत और पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप से भी है। गीता के दसवें अध्याय में योगेश्वर श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं- 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम, अर्थात महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। यही कारण है कि सनातन परंपरा में इस महीने को विशेष पुण्यदायी और भगवान विष्णु की आराधना के लिए श्रेष्ठ माना गया है। पं. संदीप कृष्ण शास्त्री के अनुसार, मार्गशीर्ष भगवान श्रीकृष्ण का मासावतार माना जाता है। मान्यता है कि इसी महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को कुरुक्षेत्र की रणभूमि में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का दिव्य ज्ञान दिया था। इसी मास में वृंदावन की गोपियों ने श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने की कामना से मां कात्यायनी की आराधना की थी। मार्गशीर्ष पूर्णिमा मृगशिरा नक्षत्र में पड़ने के कारण इस महीने का नाम मार्गशीर्ष पड़ा। इसे अगहन के नाम से भी जाना जाता है।
अगहन मास में जहां धार्मिक उत्सवों की रौनक रहेगी, वहीं 16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। करीब एक महीने तक शुभ मांगलिक आयोजनों पर विराम रहेगा। ऐसे में मार्गशीर्ष मास के शुरुआती दिनों में धार्मिक अनुष्ठानों और उत्सवों की विशेष धूम देखने को मिलेगी।
27 नवंबर-संकष्टी चतुर्थी
1 दिसंबर-काल भैरव जयंती
4 दिसंबर- उत्पन्ना एकादशी
6 दिसंबर- प्रदोष व्रत
7 दिसंबर- मासिक शिवरात्रि
8 दिसंबर- मार्गशीर्ष अमावस्या
13 दिसंबर- विनायक चतुर्थी
14 दिसंबर- विवाह पंचमी
15 दिसंबर- चंपा षष्ठी
16 दिसंबर- धनु संक्रांति, खरमास प्रारंभ
20 दिसंबर- गीता जयंती, मोक्षदा एकादशी
21 दिसंबर- सोम प्रदोष व्रत
23 दिसंबर- मार्गशीर्ष पूर्णिमा