Tripushkar Yoga: 13 सितंबर 2025 को बन रहा त्रिपुष्कर योग। जानें कैसे करें शुभ कार्य और बचें नकारात्मक प्रभाव से। प्रॉपर्टी, व्यापार या धार्मिक कार्य करने के लिए यह समय कितना महत्वपूर्ण है, पढ़ें पूरी जानकारी।
Tripushkar Yoga: सितंबर का महीना ज्योतिष में बेहद खास माना जाता है। इस दौरान कई शुभ योग बनते हैं, जिनमें से एक महत्वपूर्ण योग है त्रिपुष्कर योग। इस साल, 13 सितंबर को यह योग बन रहा है। त्रिपुष्कर योग को खास तौर पर शुभ माना जाता है क्योंकि इस योग में किए गए कार्यों का असर तीन गुणा होता है। इसलिए इसे बहुत ही महत्व दिया जाता है।
त्रिपुष्कर योग भद्रा तिथि में बनता है। जब रविवार, मंगलवार या शनिवार को द्वितीया, सप्तमी या द्वादशी तिथि पर विशाखा, उत्तराफाल्गुनी, उत्तराषाढ़ा, पूर्वाभाद्रपद, पुनर्वसु या कृत्तिका नक्षत्र आता है, तो त्रिपुष्कर योग बनता है। इस बार यह योग 13 सितंबर 2025 को सुबह 7:24 बजे से 10:11 बजे तक कृतिका नक्षत्र में बना रहेगा।
इस योग में खासतौर पर धन संबंधी कार्य करना अत्यंत शुभ माना जाता है। घर, जमीन, प्रॉपर्टी खरीदने के लिए यह समय बहुत अच्छा रहता है। अगर आप कोई बड़ा व्यापारिक सौदा करना चाहते हैं, तो इस योग में वह सौदा बहुत सफल हो सकता है। इसके अलावा धार्मिक कार्य जैसे मंदिर में पूजन, तीर्थ यात्रा पर जाना भी फायदेमंद माना जाता है। सबसे खास बात यह है कि इस दिन किए गए अच्छे काम का प्रभाव तीन गुना होता है। इसलिए इस समय किसी नेक काम को करना विशेष रूप से लाभकारी रहेगा।
त्रिपुष्कर योग में केवल शुभ कार्य ही नहीं, बल्कि गलत कार्य करने से भी तीन गुणा बुरा असर पड़ता है। इसलिए इस दिन कीमती वस्तुएं बेचना या कठिन कार्य करना बिलकुल भी उचित नहीं माना जाता। गलत कदम उठाने पर परेशानी बढ़ सकती है। विशेष रूप से यह सलाह दी जाती है कि किसी भी प्रकार की झूठी बात, छल-कपट या अनुचित व्यवहार से बचें। क्योंकि इनका असर भी तीन गुना होकर आपके ऊपर भारी पड़ सकता है।