धौलपुर

जगन गुर्जर हत्याकांड : जेल प्रशासन ने बदली सुरक्षा व्यवस्था, हार्डकोर बंदियों से होगी पूछताछ

Jagan Gurjar Murder Case : अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद अब जेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अब हार्डकोर बंदियों को अलग-अलग सिंगल सेल में रखने का निर्णय किया है।
2 min read
Jul 06, 2026
dacoit jagan gurjar
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर। फाइल फोटो पत्रिका

Jagan Gurjar Murder Case : अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद अब जेल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अब हार्डकोर बंदियों को अलग-अलग सिंगल सेल में रखने का निर्णय किया है। इसका उद्देश्य भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकना और जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। वहीं जगन की हत्या आरोपी विष्णु सिंह को सुरक्षा के मद्देनजर एकांत सेल में रखा गया है।

दूसरी ओर सिविल लाइंस थाना पुलिस हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाते हुए वार्ड संख्या-2 के ब्लॉक-4 में बंद हार्डकोर बंदियों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है।

बता दें कि 29 जून को अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। उधर, अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर की रविवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जगन के भाई की जेल में बिगड़ी तबीयत

डकैत जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। पहले जेल की डिस्पेंसरी में मौजूद डॉक्टर ने उसकी प्राथमिक जांच की। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने ईसीजी और अन्य आवश्यक जांचें कराने की सलाह दी। इसके बाद जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के निर्देश पर पप्पू गुर्जर को कड़ी सुरक्षा के बीच अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल ले गए।

रविवार रात करीब 11 बजे जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ और सिविल लाइंस थाना प्रभारी शम्भूसिंह शेखावत की मौजूदगी में पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में पप्पू गुर्जर को अस्पताल की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसकी ईसीजी सहित अन्य जरूरी जांचें कीं और स्वास्थ्य की निगरानी की। जांच रिपोर्ट सामान्य आने तथा स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद चिकित्सकों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी। इसके बाद पुलिस उसे वापस हाई सिक्योरिटी जेल लेकर पहुंची।

हार्डकोर बंदियों से होगी पूछताछ

सिविल लाइंस थाना पुलिस अब हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच में वार्ड 2 के ब्लॉक-4 में बंद अन्य हार्डकोर बंदियों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी विष्णु के साथ कथित रूप से जुड़े कुछ अहम तथ्य पूछताछ के दौरान सामने आ सकते हैं। वहीं पप्पू गुर्जर को वार्ड में ब्लॉक एक में रखा गया था। पुलिस पप्पू से भी पूछताछ करेगी।

कोर्ट की अनुमति के बाद पूछताछ

सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभूसिंह ने हार्डकोर बंदियों से पूछताछ की अनुमति के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र पेश किया है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस बंदियों से पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान जगन गुर्जर और विष्णु सिंह के बीच चली आ रही रंजिश तथा वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

Updated on:
06 Jul 2026 01:23 pm
Published on:
06 Jul 2026 01:23 pm