
धौलपुर। भाई को डूबता देख तीन बहनों ने उसे बचाने के लिए पोखर में छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। भाई को बचाने की कोशिश में तीनों बहनें भी गहरे पानी में समा गईं। देखते ही देखते चारों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बता दें कि परिजन यहां हीरामन बाबा की जात करने मंदिर आए थे, लेकिन परिवार के लिए यह धार्मिक यात्रा जिंदगीभर का गहरा जख्म बन गई।
घटना आंगई थाना क्षेत्र के धौन्ध पंचायत अन्तर्गत विरजा गांव के पास हीरामन बाबा की पोखर की है। मृतक गांव के जत्थे के साथ हीरामन बाबा की जात करने के लिए विरजा गांव में देवता पर आए थे। अलसुबह ग्रामीण हीरामन बाबा मंदिर के समीप पोखर में नहाने गए थे। नहाते वक्त युवक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बालक को बचाने की कोशिश में तीन बहनें भी डूब गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों व एसडीआरएफ टीम के सहयोग से पोखर में तलाशी अभियान चलाकर सभी मृतकों के शव को बाहर निकाला।
थानाप्रभारी कृपालसिंह ने बताया कि मृतक महिलाएं व बालक धौलपुर के मोरोली गांव निवासी हैं, जो गांव से जत्थे के साथ हीरामन बाबा की जात करने आए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे चारों हीरामन कुंड में पहुंचे। रवि नहाने के लिए कुंड में उतरा तो डूबने लगा। उसकी तीनों बहनें भी पास में नहा रही थीं। रवि को डूबता देखकर तीनों बहनें उसे बचाने के लिए पोखर में कूद गईं। पानी गहरा होने के कारण वे भी डूब गईं। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक अस्पताल सरमथुरा की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीन बहनों के शव पोखर से निकाल लिए। लेकिन, काफी प्रयास के बाद भी युवक का शव नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 6 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया। हादसे के करीब 6 घंटे बाद सुबह 10 बजे युवक का शव पोखर से बाहर निकाला गया।
चारों मृतक आपस में भाई बहन थे, जो भाई के साथ ही जात करने आए थे। मृतकों में रवि उर्फ भोलू (21) पुत्र लायकसिंह, बोटो (25) पुत्री लायकसिंह, मनोरमा(24) पुत्री लायकसिंह व कल्लो (18) पुत्री भवूती निवासी नथुआ का पुरा मोरोली धौलपुर है।
बता दें कि जिले के सरमथुरा क्षेत्र के स्थित धोध-बिरजा (विरजा धाम) गांव में लोक देवता हीरामन बाबा का पवित्र धाम है। यहां हीरामन बाबा की जात का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मान्यता के अनुसार दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। रविवार को भी यहां मोरोली गांव के लोग हीरामन बाबा की जात करने के लिए आए थे, तभी हादसा हो गया।