धौलपुर

धौलपुर के जिस गांव में युवक की हत्या के बाद 9 घंटे देरी से शुरू हुई वोटिंग, जानें वहां से कौन बना सरपंच?

Baroli Sarpanch Election Result: सरमथुरा पंचायत समिति की बरौली ग्राम पंचायत में चुनावी रंजिश के चलते युवक की हत्या के बाद करीब 9 घंटे की देरी से सरपंच पद के लिए मतदान शुरू हुआ। अब इस चुनाव का परिणाम सामने आ गया है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 12:40 PM IST
Baroli Sarpanch Election Result
बरौली सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित। फोटो: पत्रिका

धौलपुर। सरमथुरा पंचायत समिति की बरौली ग्राम पंचायत में चुनावी रंजिश के चलते युवक की हत्या के बाद करीब 9 घंटे की देरी से सरपंच पद के लिए मतदान शुरू हुआ। अब इस चुनाव का परिणाम सामने आ गया है। रविवार रात चुनावी रंजिश में हुई फायरिंग में प्रीतम मीना की मौत के बाद सोमवार सुबह मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह से दोपहर तक एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा। आखिरकार मृतक युवक के अंतिम संस्कार के बाद शाम करीब 4:30 बजे मतदान शुरू हुआ। इसके बाद धीरे-धीरे मतदाता पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे और मतदान केंद्र पर कतारें लग गईं। पोलिंग बूथ पर निर्धारित समय शाम 6 बजे तक मतदान संपन्न कराया गया।

इसके बाद मतों की गणना हुई और देर रात सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित किया गया। खास बात ये रही कि चुनावी हिंसा में मारे गए प्रीतम मीना के पक्ष की महिला प्रत्याशी गीता देवी ने 417 वोटों से जीत दर्ज की। गीता देवी को कुल 534 वोट मिले। वहीं, हत्या के मुख्य आरोपी रिंकू की भाभी रजनी को मात्र 117 ही वोट मिल पाए।

चुनावी रंजिश में हुई थी युवक की हत्या

गौरतलब है कि बरौली ग्राम पंचायत में रविवार रात सरपंच प्रत्याशी रजनी और गीता देवी के समर्थकों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक लाठी-डंडों और हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। इस दौरान करीब 70 से 80 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से प्रीतम मीना की मौत हो गई, जबकि रिंकू पुत्र रायसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

युवक की हत्या के बाद गांव में तनाव और बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी पक्ष के घर और खलिहान में आग लगाने के साथ तोड़फोड़ भी की थी। युवक की हत्या के बाद सोमवार सुबह मतदान केंद्र पर कोई मतदाता नहीं पहुंचा। शाम को प्रीतम का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों से मतदान की अपील की। जिस पर शाम करीब 4:30 बजे मतदान शुरू हुआ था।

मुख्य आरोपी रिंकू का अस्पताल में चल रहा इलाज

मृतक प्रीतम के पिता कल्याण मीना ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि रविवार रात उनका बेटा बाजार से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुम्हार गली में राजपाल की दुकान के पास बरौली ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच रजनी के देवर रिंकू सहित उनके समर्थकों ने चुनावी रंजिश को लेकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे परिजनों पर भी फायरिंग की गई थी। हमले में प्रीतम की मौत हो गई थी। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में घायल आरोपित रिंकू समेत 10 जनों को हिरासत में लिया है। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।

Updated on:
17 Nov 2026, 12:40 PM IST
Published on: