
Jagan Gurjar Murder case : धौलपुर। पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की बारहवीं और पगड़ी रस्म के बाद भवूतीपुरा में आयोजित गुर्जर समाज की बैठक में मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी जताई गई। पहले प्रशासन को कुछ समय देने पर सहमति बनी, लेकिन शाम तक समाज की ओर से बाड़ी कोतवाली के बाहर धरने की चेतावनी दी गई। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और वार्ता का प्रस्ताव भेजा।
रात करीब नौ बजे सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र की रुधेरा ग्राम पंचायत स्थित सेवा केंद्र पर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी., एसपी विकास सांगवान और गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। इसमें तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद प्रतिनिधिमंडल लौट गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने भवूतीपुरा पहुंचकर परिजनों को भी वार्ता की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, जगन के भाई पप्पू गुर्जर को अजमेर जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित किया जा सकता है।
करीब साढ़े तीन माह पहले बाड़ी कोतवाली में जगन गुर्जर के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। इसी प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद उसे हार्डकोर बंदी मानते हुए अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल भेजा गया था, जहां 29 जून को उसकी हत्या हो गई। परिजनों का आरोप है कि थाना प्रभारी ने गलत तरीके से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया था। हत्या के बाद कोमेश गुर्जर ने भी थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
1.एसएचओ लाइन हाजिर
प्रतिनिधिमंडल बाड़ी कोतवाली थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा को निलंबित करने की मांग पर अड़ा रहा। इस पर एसपी ने जांच पूरी होने तक उन्हें पुलिस लाइन भेजने (लाइन हाजिर) का भरोसा दिया।
2.पप्पू गुर्जर का जेल स्थानांतरण
प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर जेल में बंद पप्पू गुर्जर को दूसरी जेल में भेजने की मांग रखी। प्रशासन ने बताया कि दो-तीन दिन में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
3.लाइसेंसी हथियार का मामला
समाज की ओर से जगन के पिता के लाइसेंसी हथियार का लाइसेंस उनकी कथित पत्नी कोमेश गुर्जर या पुत्र आसाराम के नाम स्थानांतरित करने की मांग की गई। जिला कलक्टर ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि बाड़ी कोतवाली थाना प्रभारी को जांच पूरी होने तक पुलिस लाइन भेजने तथा पप्पू गुर्जर को अजमेर जेल से दूसरी जेल में स्थानांतरित करने के संबंध में प्रतिनिधिमंडल से सहमति बनी है।