
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ कि दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोग कुएं में कूद गए। जिससे पिता और बेटे की जान चली गई, जबकि मां को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पिता और बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि घटना रविवार रात की है। पप्पू उर्फ सुरेश पुत्र देवीराम, उनकी पत्नी सरोज और बेटा इंद्रेश कुएं में कूद गए थे।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार्यवाहक सीओ धर्म सिंह मीणा और कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव भी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने रेस्क्यू की कमान संभाली। पुलिस जवानों ने कुएं में सीढ़ियां डालकर एक जवान को पानी में उतारा। इसके बाद सीढ़ी और रस्सी की मदद से 55 वर्षीय सरोज पत्नी सुरेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। महिला को प्राथमिक उपचार दिलवाने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, पिता और पुत्र के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।
मृतक के बड़े बेटे राजेश ने बताया कि उनके खेत के पास मंदिर की जमीन है। मंदिर ट्रस्ट खेत के कुछ हिस्से पर अपना दावा कर रहा है। इस जमीन को लेकर अजमेर में भी न्यायालय में मामला चल रहा है। राजेश के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों से उनके पिता सुरेश इस विवाद को लेकर परेशान थे। दीपावली की रात पिता खेत में टहल रहे थे। इसी दौरान वह कुएं में गिर गए। उन्हें बचाने के प्रयास में छोटा भाई इंद्रेश और मां सरोज भी कुएं में गिर गए। इस घटना में पिता और छोटे भाई की जान चली गई, जबकि मां को बचा लिया गया।
घटना के बाद सरोज ने बड़े बेटे राजेश ने सोमवार सुबह पुलिस थाने में परिवाद दिया। इसमें पिता सुरेश के पूर्वजों की खातेदारी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का जिक्र किया गया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि भू-माफिया और मंदिर के पुजारी की ओर से जमीन पर कब्जे की नीयत से मुकदमा शुरू कराया गया था। परिवाद के अनुसार वर्ष 2019 में राजस्व बोर्ड से फैसला आने के बाद सुरेश हाईकोर्ट जयपुर में अपील करने गए थे।
आरोप है कि महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान घर आए और हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया। परिवार का आरोप है कि सुरेश से अपील के बजाय राजस्व बोर्ड में रिव्यू पेश करवाई और जमीन का बंटवारा भी करा दिया गया। परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 10 महीने पहले आरोपियों ने सुरेश को खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी करीब 40 लाख रुपए की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगा दी।
सुरेश खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके दो बेटे राजेश और इंद्रेश तथा तीन बेटियां रीना, ज्योति और संजना हैं। दीपावली की रात हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल, पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन विवाद और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।