
धौलपुर। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकलकर एक चीता राजस्थान के धौलपुर टाइगर अभ्यारण्य में पहुंच गया है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे चीते ने सरमथुरा क्षेत्र से राजस्थान की सीमा में प्रवेश किया। वन विभाग की टीम ने रीक्षरा के नाले में उसके मूवमेंट की पुष्टि की है। इसके बाद धौलपुर और करौली वन विभाग की टीमों ने निगरानी बढ़ा दी है। कूनो नेशनल पार्क के ट्रेकर्स भी लगातार चीते की लोकेशन पर नजर रख रहे हैं।
रेंजर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि KGP-3 नाम का चीता कूनो नेशनल पार्क से निकलकर मंडरायल रेंज होते हुए धौलपुर टाइगर अभ्यारण्य में पहुंचा है। बुधवार को उसका मूवमेंट धौलपुर सीमा से सटे मध्य प्रदेश के मंडरायल रेंज में देखा गया था। इसके बाद गुरुवार को वह रीक्षरा के नाले तक पहुंच गया। इस दौरान चीते ने कूनो नेशनल पार्क से करीब 100 किलोमीटर का सफर तय किया।
चीते के राजस्थान सीमा में पहुंचने के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। कूनो नेशनल पार्क की ट्रेकर्स टीम लगातार उसका पीछा कर रही है। वहीं, करौली जिले की मंडरायल और धौलपुर की सरमथुरा रेंज की वन टीमें भी उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए हैं। अभ्यारण्य क्षेत्र में लगे कैमरों की मदद से भी निगरानी की जा रही है, ताकि चीते की लोकेशन और गतिविधियों का पता चलता रहे।
रेंजर के मुताबिक KGP-3 चीता करीब छह महीने बाद दूसरी बार सरमथुरा रेंज में पहुंचा है। इससे पहले 8 मई को भी वह कूनो नेशनल पार्क से निकलकर सरमथुरा क्षेत्र में आया था। बाद में उसका मूवमेंट भरतपुर जिले की ओर हो गया था। अब एक बार फिर राजस्थान में उसकी दस्तक से वन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है।