
Dholpur Deputy Zila Pramukh Veer Singh Meena: धौलपुर में कांग्रेस के वीर सिंह मीणा निर्विरोध उप जिला प्रमुख बन गए हैं। उप जिला प्रमुख पद के लिए निर्धारित समय तक सिर्फ कांग्रेस प्रत्याशी ने ही नामांकन दाखिल किया। ऐसे में नाम वापसी की समय खत्म होने के बाद वीर सिंह मीणा को निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित किया गया। धौलपुर में जिला प्रमुख के बाद उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस का कब्जा होने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल है।
धौलपुर में उप जिला प्रमुख पद के चुनाव के दौरान दिलचस्प घटनाक्रम भी देखने को मिला। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 10 से 11 बजे तक निर्धारित था। कांग्रेस प्रत्याशी वीर सिंह मीणा ने निर्धारित समय में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान जिला प्रमुख अनीशा सिंह और जिला परिषद सदस्य प्रताप कुशवाह भी मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी विश्वसुंदरी सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर नामांकन दाखिल करने पहुंची। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के कारण वे अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं। ऐसे में भाजपा बिना चुनाव लड़े ही मुकाबले से बाहर हो गई। महज 10 मिनट की देरी के कारण भाजपा प्रत्याशी के नामांकन से वंचित रहने का मामला सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत और पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा की चुनावी रणनीति पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बता दें कि धौलपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस के 29 में से 21 वार्ड सदस्य जीते थे। जबकि भाजपा के 5 और बसपा के 3 सदस्य विजयी रहे। ऐसे में अगर बीजेपी की ओर से पर्चा दाखिल किया जाता तो भी कांग्रेस का ही उप जिला प्रमुख बनना तय था। धौलपुर में बुधवार को कांग्रेस की अनीशा सिंह जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थी।
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान दोपहर तीन बजे मतदान करने कांग्रेस के जीते 21 में से केवल 17 सदस्य ही पहुंचे थे। नतीजों की घोषणा हुई तो मालूम हुआ कि पार्टी के 17 में से 2 सदस्यों ने अंतिम समय में पाला बदल लिया। हालांकि, कांग्रेस के कुल 6 सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की। निर्दलीय उम्मीदवार सोमवती को कुल 14 मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को एक अधिक 15 मत मिले। कांग्रेस प्रत्याशी अनीशा एक मत से विजयी रही। हालांकि, कांग्रेस जोड़-तोड के बाद भी पार्टी का जिला प्रमुख बनवाने में कामयाब रही। भाजपा ने कांग्रेस खेमे में सेंधमारी की लेकिन वह सफल नहीं हो पाई।