
आगरा। परिजनों ने सोचा नहीं था कि वह जिस बेटी की गोदभराई की रस्में कर लौट रही हैं, कुछ ही पलों में वह हमेशा के लिए उसका साथ छोड़ देगीं। घटना आगरा के थाना बाह क्षेत्र की है। युवती गोदभराई की रस्म के बाद अपनी बहन के बेटे के साथ बाइक से घर वापस लौट रही थी। लेकिन रास्ते में ट्रक की टक्कर से उसकी मौत हो गई। एक्सीडेंट से कुछ देर पहले ही उसका रिश्ता तय हुआ था। होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी गोदभराई की रस्म पूरी की थी। इसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ घर लौट रही थीं। लेकिन कहां पता था कि यह उसका आखिरी दिन है। घटना की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
टक्कर के बाद गंभीर अवस्था में अस्पताल में हुईं दाखिल
फिरोजाबाद के नगला सिंघी थाना क्षेत्र के घड़ी थानी गांव की रहने वाली 20 वर्षीय ममता की गोद भरने उसके होने वाले ससुराल पक्ष के लोग आए थे। बटेश्वर में गोदभराई का कार्यक्रम था। गोदभराई होने और रिश्ता तय होने से दोनों ही पक्षों में खुशी का माहौल था। कार्यक्रम के बाद युवती अपनी बहन के बेटे के साथ बाइक से वापस घर लौट रही थी। फतेहाबाद आगरा मार्ग पर मल्लापुरा गांव के मोड़ पर पीछे से एक ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार गिर गए। ममता की हालत नाजुक देख सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन कुछ देर बाद ही अस्पताल में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक सहित भाग गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया है।