
धौलपुर। राजस्थान-उत्तर प्रदेश सीमा पर बुधवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनका एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक अपनी चचेरी बहन के लग्न टीका कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में खुशियों का माहौल था, वहां मातम छा गया।
हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 123 पर राजस्थान-उत्तर प्रदेश के कैंथरी बॉर्डर के पास हुआ। यह स्थान उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जगनेर थाना क्षेत्र में आता है। मृतकों की पहचान आगरा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नगला रमले निवासी बबलू (30) पुत्र महेंद्र लोधा और उसके चचेरे भाई जितेंद्र (32) पुत्र भूप सिंह के रूप में हुई है। वहीं राजू पुत्र गोपाल गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, बबलू, जितेंद्र और राजू अपनी चचेरी बहन के लग्न टीका समारोह में शामिल होने के लिए बगचोली मांगरोल जा रहे थे। इसी दौरान कैंथरी बॉर्डर के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि किसी बस से टक्कर लगने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि, हादसे के कारणों और इसमें शामिल वाहन को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को सैंपऊ अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बबलू और जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजू की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
सैंपऊ थाने के एएसआई वीरभान सिंह ने बताया कि हादसे का घटनास्थल आगरा जिले के जगनेर थाना क्षेत्र में है। रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिलने पर सैंपऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। मृतक के चचेरे भाई रामकिशन ने बताया कि परिवार में बहन के लग्न टीका समारोह की तैयारियां चल रही थीं। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तीनों निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।