
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में देर रात शुरू हुआ झमाझम बारिश का दौर गुरुवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा। जिसके चलते कई जगह पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते देर रात धौलपुर जिले में दो मकान भरभरा कर ढह गए। जिसके चलते मलबे में दबने से एक ही परिवार के सात लोगों सहित 9 लोग घायल हो गए। जिनमें से 4 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार बारिश के चलते मनियां थाना क्षेत्र के कैलाशपुरा गांव में हादसा हो गया। बुधवार देर रात बारिश के बीच रूप सिंह बघेल का पक्का मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और घर में मौजूद सातों सदस्य उसके नीचे दब गए। मलबे में दबे लोगों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बिना किसी संसाधन का इंतजार किए अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे में रूप सिंह बघेल, पत्नी हेमलता, पुत्र अंशु (12), पुत्री खुशबू (15), बबिता (14), शीतल (10) और मधु (17) घायल हो गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रूप सिंह बघेल और शीतल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य का उपचार जारी है।
इसी तरह दूसरा हादसा कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव बिलोनी में हुआ। बारिश के चलते एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से छप्परपोश में खाट पर सो रही बलदेई और उनकी बेटी अंजलि मलबे के नीचे दब गईं। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बलदेई की हालत गंभीर होने पर उसे रैफर किया है।
धौलपुर शहर में बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनने से राहगीरों और वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। वहीं, बारिश के चलते खरीफ फसलों की बुवाई के लिए खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से किसानों में खुशी का माहौल है।