
धौलपुर। जिले के मनियां थाना क्षेत्र में फूलपुर गांव रोड पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बच्चों और महिलाओं से भरी एक ईको वैन संतुलन बिगड़ने के बाद पानी से भरे पोखरनुमा गड्ढे में पलट गई। हादसे में तीन मासूम बच्चों और एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि वैन में सवार करीब 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सैंपऊ उपखंड से एक वैन में करीब 10 से 12 सवार होकर मनियां थाना क्षेत्र इलाके में जाहरवीर बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में फूलपुर के पास वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पानी से भरे पोखर में जा गिरी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। साथ ही बाद में क्रेन मंगवा कर वैन को बाहर निकाला गया। निकाले लोगों को मनियां अस्पताल पहुंचाया, जहां एक महिला, दो बालिकाएं और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना पर थाना प्रभारी, सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ईको वैन में सवार सभी लोग सैंपऊ उपखंड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे मंदिर के दर्शन के लिए फूलपुर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन सड़क किनारे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर मनियां थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद उन्हें मानिया अस्पताल पहुंचाया गया।
मानिया अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि, अस्पताल में 8 लोगों को लाया गया था। 8 लोगों में से 4 लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। 4 लोगों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धौलपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हादसे में दो मासूम बालिकाएं, एक बालक और एक महिला की जान चली गई। उपचाराधीन घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद सैंपऊ क्षेत्र में शोक का माहौल है।