डूंगरपुर

Dungarpur Accident: 2 बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत, रिटायर्ड नायब तहसीलदार की मौके पर ही मौत

Dungarpur Accident News: सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
2 min read
dungarpur accident
सागवाड़ा. जिला चिकित्सालय में रोते बिलखते परिजनों को चुप कराते हुए। Photo- Patrika

Dungarpur Accident News: सागवाड़ा। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 927 ए पर बुधवार को सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि उनकी पत्नी मणी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई ।

जेठाना निवासी सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार रामलाल बुनकर (70) पुत्र चौखाजी बुनकर, पत्नी मणि देवी एवं पौत्री युविका के साथ ठाकरड़ा गांव में आयोजित मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे । तीनों मोटर साइकिल से जा रहे थे ।

सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार की पत्नी मणी देवी गंभीर रूप से घायल

टोल नाका के करीब ठाकरड़ा मोड़ के पास डूंगरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पावर मोटर साइकिल ने रामलाल बुनकर की मोटर साइकिल को गलत साइड में जाकर जोरदार टक्कर मार दी।

मोटर साइकिल की टक्कर से रामलाल बुनकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी मणी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।

सड़क हादसे में दोनों मोटर साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक मनीष खोईवाल मय पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

फाइल फोटो- रामलाल बुनकर।

टोल नाके की एम्बुलेन्स से सभी को राजकीय जिला चिकित्सालय में लाया गया । जहां पुलिस ने मृतक रामलाल बुनकर के शव को चिकित्सालय के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया, जबकि घायल महिला मणि देवी को भर्ती करा उपचार शुरू कराया ।

परिजनों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं

परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया ।

जिला चिकित्सालय में दर्दनाक मंजर देखने को मिला, जहां अपने को खोने के गम में परिजन रोते - बिलखते नजर आए। हर तरफ चीख - पुकार और मायूसी का माहौल था ।

मौके पर मौजूद लोग और अस्पताल स्टाफ उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे, लेकिन गम इतना गहरा था कि आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे । परिजनों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल बेहद भावुक हो गया ।

Updated on:
06 May 2026 05:42 pm
Published on:
06 May 2026 05:05 pm