डूंगरपुर

Dungarpur News: अब घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, 108 पर फोन करते ही पहुंचेगी बाइक एंबुलेंस

अब छोटी-मोटी बीमारी के उपचार के लिए अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। डूंगरपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू की है। 108 पर फोन करने के बाद स्वास्थ्यकर्मी घर पहुंचकर BP-शुगर की जांच और प्राथमिक उपचार करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 12:35 PM IST
Bike Ambulance Service
Bike Ambulance Service: फोटो-पत्रिका

डूंगरपुर। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अब शहरवासियों को अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डूंगरपुर में स्वास्थ्य विभाग ने घर बैठे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू की है। मरीज या उनके परिजन 108 नंबर पर फोन कर स्वास्थ्य समस्या की जानकारी दे सकेंगे। इसके बाद जरूरत के अनुसार बाइक एंबुलेंस स्वास्थ्यकर्मी के साथ मरीज के घर पहुंचेगी और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएगी। इस सुविधा से खासतौर पर बुजुर्गों और ऐसे मरीजों को राहत मिलेगी, जिन्हें छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती है।

सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुराने शहर के निवासियों के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार को लोगों के घर तक पहुंचाना है। इसके तहत ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ छोटी-मोटी बीमारियों में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

108 पर फोन करते ही मिलेगी मदद

स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मरीज या उसके परिजन 108 नंबर पर कॉल कर सकेंगे। कॉल के दौरान समस्या की जानकारी देनी होगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह तय किया जाएगा कि मामला गैर-आपातकालीन श्रेणी का है या नहीं। सामान्य समस्या होने पर बाइक एंबुलेंस स्वास्थ्यकर्मी के साथ संबंधित पते पर पहुंचेगी। वहां मरीज की जांच कर जरूरी प्राथमिक उपचार दिया जाएगा। यदि जांच के दौरान अस्पताल में उपचार की आवश्यकता महसूस होती है तो मरीज को आगे की चिकित्सा के लिए अस्पताल जाने की सलाह दी जाएगी।

रात में भी मिलेगी बाइक एंबुलेंस की सुविधा

इस सेवा की खास बात यह है कि इसे रात के समय भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। रात में चिकित्सक की सलाह या लिखे गए उपचार के अनुसार इंजेक्शन लगाने और आईवी ड्रिप चढ़ाने जैसी सुविधाएं भी घर पर मिल सकेंगी। इससे उन लोगों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें रात में छोटी स्वास्थ्य समस्या होने पर अस्पताल पहुंचने में दिक्कत आती है।

गंभीर मरीजों के लिए नहीं है सेवा

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाइक एंबुलेंस सामान्य और गैर-आपातकालीन स्वास्थ्य समस्याओं के लिए शुरू की गई है। यह गंभीर मरीजों और आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाली एंबुलेंस का विकल्प नहीं है। गंभीर स्थिति में मरीजों को पहले की तरह आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का ही लाभ लेना होगा।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
6 Nov 2026, 12:35 PM IST
Published on: